डिजीटल करेंसी खरीदने-बेचने के नाम पर ठगी, दिल्ली के अंतराज्यीय आरोपी सहित दो गिरफ्तार
2023-04-08 11:32 AM
215
रायपुर। राजधानी पुलिस ने डिजीटल करेंसी खरीदने-बेचने के नाम पर ठगी करने वाले दिल्ली के दो आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने राजधानी के थाना मौदहापारा क्षेत्रांतर्गत कृष्णा कॉम्पलेक्स स्थित प्राईमवेल टेक्नोलॉजी प्रा.लि. के संचालक को अपना का शिकार बनाया था। आरोपी ने डिजीटल करेंसी USDT खरीदने के नाम पर ठगी की थी। पुलिस ने आरोपी आकाश झा को दिल्ली से और आदित्य व्यास को रायपुर से गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कोलोरू श्रीराम मूर्ति ने थाना मौदहापारा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह 10/729 सेक्टर-1 शिवानंद नगर रायपुर का निवासी है तथा कृष्णा कॉम्पलेक्स स्थित रजिस्टर्ड कम्पनी प्राईमवेल टेक्नोलाजी प्रा.लि. का संचालक है। जिसका कार्य ब्लाक चेन डेवलपमेंट एवं डिजिटल करेंसी की खरीदी-बिक्री करना है। पूर्व परिचित आकाश झा ने अपने मोबाईल नम्बर से प्रार्थी को फोन कर सम्पर्क कर 28,327 डिजिटल करेंसी USDT जिसका मूल्य लगभग 25,06,940/- रूपये है, को खरीदने की बात कही। इस बाबत् आकाश ने 18 फरवरी को प्रार्थी का सम्पर्क कॉन्फ्रेंस कॉल के माध्यम से नागपुर हाल पता रायपुर निवासी आदित्य व्यास नामक व्यक्ति से कराया। 22 फरवरी को आदित्य व्यास डिजीटल करेंसी खरीदने के संबंध में प्रार्थी से मिलने उसके कृष्णा कॉम्पलेक्स स्थित ऑफिस आया था।
आकाश झा ने प्रार्थी तथा आदित्य व्यास को यह बताया था कि यह डिजिटल करेंसी शैलेष पटेल नामक व्यक्ति को खरीदना है जिसका आफिस, एचएम इंटरप्राईजेस 307, थर्ड फ्लोर रिदम प्लाजा नियम अमर जवान सर्कल अपोजिट श्रीधर नियर रिंग रोड निकोल अहमदाबाद (गुजरात) में है। आकाश झा एवं आदित्य व्यास आपस में उक्त डिजिटल करेंसी खरीदने संबंधी चर्चा करने के बाद आदित्य ने प्रार्थी को विश्वास दिलाया कि उसकी आकाश एवं शैलेष पटेल से बात हो चुकी है वह डिजिटल करेंसी ट्रांसफर होने के बाद उसके मुल्य का भुगतान कर देगा।
जिसके बाद प्रार्थी ने अलग-अलग तिथियों में अलग-अलग किश्तो में डिजिटल करेंसी आकाश झा एवं शैलेष पटेल के द्वारा दिये डिजिटल वॉलेट में स्थानांतरित किया। डिजिटल करेंसी स्थानांतरण करने के पश्चात् प्रार्थी द्वारा भुगतान के लिए मोबाईल फोन से आकाश झा एवं शैलेष पटेल को संपर्क किया गया, सम्पर्क करने पर दोनों फोन बंद बताने लगा।
इस प्रकार आदित्य व्यास, आकाश झा एवं शैलेष पटेल द्वारा आपराधिक षडयंत्र कर प्रार्थी से 28,327 डिजिटल करेंसी USDT जिसका मुल्य लगभग 25,06,940/- रूपये है प्राप्त कर प्रार्थी को उसका भुगतान न कर प्रार्थी के साथ ठगी किये। जिस पर आरोपियों के विरूद्ध थाना मौदहापारा में अपराध क्रमांक 71/2023 धारा 420, 120बी भादवि. का अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
मामले में एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने घटना के संबंध में प्रार्थी से विस्तृत पूछताछ की। डिजीटल करेंसी जिन खातों में ट्रांसफर हुई उन खातों की जांच पुलिस ने की। इस दौरान घटना में संलिप्त आरोपी आदित्य व्यास को तेलीबांधा रायपुर में पकड़ा गया। पूछताछ में आदित्य ने आकाश और शैलेष के साथ मिलकर ठगी करना स्वीकार किया। आदित्य ने आकाश की लोकेशन द्वारका दिल्ली मे बताई। जिसके बाद पुलिस ने आकाश को दिल्ली से गिरफ्तार किया।