नशीली दवाओं और मादक पदार्थों के कारोबार पर होगी कड़ी कार्रवाई
रायपुर। प्रदेश में कानून-व्यवस्था और सड़क सुरक्षा को लेकर कलेक्टर-एसपी कांफ्रेंस का दूसरा दिन मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में शुरू हुआ। बैठक में गृह मंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव विकासशील, अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह, रेंज आईजी, कलेक्टर और एसपी सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने नशीली दवाओं और मादक पदार्थों के व्यापार पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नशाखोरी अन्य अपराधों को बढ़ावा देती है, इसलिए अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। अंतरराज्यीय सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और पिटएनडीपीएस एक्ट के मामलों में समयबद्ध कार्रवाई पर भी जोर दिया गया। साथ ही, युवाओं को नशाखोरी से बचाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाने की योजना बनाई गई।
सड़क सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि हेलमेट और सीट बेल्ट न पहनने तथा नशे में वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। ब्लैक स्पॉट चिन्हांकित कर दुर्घटनाओं के कारणों को दूर करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।