रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। देश में बढ़ते आंकड़ों को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पहले ही एडवाइजरी जारी कर दी थी, तो छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मंगलवार को आपात बैठक बुलाकर प्रदेश में जांच तेज किए जाने का निर्देश दिया है।
सीएम बघेल के निर्देश पर अमल करते हुए स्वास्थ्य विभाग ने बुधवार को 4381 लोगों का सैंपल लिया, तो इसमें से 323 लोग पॉजिटिव मिले हैं, वहीं पॉजिटिविटी रेट बढ़कर 7.44 प्रतिशत हो गया है। राजधानी रायपुर में 44 नए पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद कुल सक्रिय मरीजों की संख्या 205 हो गई है, तो बिलासपुर में 20 नए मरीजों के साथ कुल संख्या 79 हो गई है। इसी तरह दुर्ग में 29 नए मरीजों के साथ सक्रिय मरीजों की संख्या 76 हो गई है, तो राजनांदगांव में 31 नए मरीजों के साथ सक्रिय मरीजों की संख्या 113 पहुंच गई है।
छत्तीसगढ़ में बीते एक माह के भीतर कोरोना से तीन लोगों की मौत दर्ज की गई है, वहीं अब कुल सक्रिय मरीजों की संख्या भी 994 पहुंच गई है। प्रदेश में जिस तेजी के साथ कोरोना मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है, सरकार के साथ ही प्रदेशवासियों के लिए भी यह चिंता का विषय है, लिहाजा अपील की जा रही है कि इस संक्रमण से बचने के लिए लोग कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना शुरू कर दें, ताकि पहले जैसी स्थिति का सामना ना करना पड़े।