रायपुर

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का बड़ा दावा... बस्तर IED ब्लास्ट के लिए नहीं... ब्रांड के तौर पर देश में कमा रहा नाम

रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बड़ा दावा किया है। उन्होंने बस्तर को लेकर मीडिया से चर्चा में कहा कि उनकी सरकार से पहले तक बस्तर से केवल आईईडी ब्लास्ट की गूंज सुनाई पड़ती थी, लेकिन अब वही बस्तर देशभर में ब्रांड के तौर पर नाम कमा रहा है। सीएम बघेल ने कहा कि देशभर में बस्तर एक ब्रांड बन चुका है।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने दो ​दिन पहले बस्तर संभाग के जगदलपुर में 'भरोसे के सम्मेलन' का शुभारंभ किया, जहां कांग्रेस महासचिव प्रियंका वाड्रा बतौर विशिष्ट अतिथि शामिल हुईं थीं। कांग्रेस नेत्री प्रियंका ने अपने संबोधन के दौरान विशेष रूप से इस बात को उल्लेखित किया कि आज देश ही नहीं, बल्कि विश्व में बस्तर एक ब्रांड की तरह पहचान स्थापित कर चुका है। अब देश में बस्तर की पहचान नक्सल, आईईडी ब्लास्ट, जवानों पर अटैक, शहादत या गोलियों की आवाज के लिए नहीं होती, बल्कि बस्तर से निकलकर देश और विदेश पहुंचने वाले उत्पादों की होती है। 
 

मुख्यमंत्री ने शनिवार को प्रवास पर निकलने से पहले उन्हीं बातों को दोहराते हुए कहा कि बस्तर के स्कूल जो जमींदोज हो चुके थे, अब वहां पर पक्की इमारतें खड़ी हो चुकी हैं, बच्चे बेफिक्र होकर स्कूलों में पढ़ने के लिए जा रहे हैं। बस्तर में निवासरत आदिवासियों की जीवनशैली सुधर रही है, उन्हें कमाई का साधन मिल गया है, उनकी मेहनत की उचित कीमत मिलने लगी है, जिसकी वजह से बस्तर से ही अच्छे उत्पाद अब ​देश के साथ ही विदेशों तक पहुंच रहे हैं और उसकी तारीफ भी हो रही है, तो बस्तर के उत्पादों को वैश्विक बाजार मिल गया है।