रायपुर

बिरनपुर मामले में 8 भाजपाईयों को नोटिस... जवाब पेश करने दो दिनों की मोहलत... कमिश्नर कावरे को जांच की जिम्मेदारी

छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिला के बिरनपुर गांव में भले ही शांतिवार्ता हो गई है, लेकिन इस मामले को लेकर छत्तीसगढ़ में सुलगी सियासी आग भभकती जा रही है। कांग्रेस ने बिरनपुर मामले को लेकर भड़काऊ बयान जारी करने के आरोप में भाजपा नेताओं के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। इस मामले में एसएसपी प्रशांत अग्रवाल के निर्देश के बाद कुल 8 भाजपा नेताओं को नोटिस जारी किया गया है, साथ ही उन्हें जवाब पेश करने के लिए दो दिनों की मोहलत दी गई है। जिसके मुताबिक इन सभी नेताओं को 17 अप्रैल दोपहर 2 बजे तक अपना जवाब पेश करना है। 

बता दें कि, कांग्रेस ने भाजपा नेताओं द्वारा सोशल मीडिया में किए गए भड़काऊ पोस्ट और धार्मिक विद्वेष फैलाने की नीयत से किए गए ट्वीट, फेसबुक पोस्ट, अखबारों में बयानबाजी करने का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। कांग्रेस ने अपने शिकायत पत्र में कहा कि, छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के बिरनपुर गांव में दो गुटों के झगड़ों के बाद भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेतागण लगातार धार्मिक विद्वेष भड़काने वाला बयान दे रहे हैं। 

शिकायत में यह भी कहा गया है कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव ने तो छत्तीसगढ़ की संज्ञा पाकिस्तान और तालिबान से करके राज्य के जनमानस की भावनाओं को आहत कर सांप्रदायिक उन्माद भड़काने का प्रयास कर चुके हैं। भाजपा के अधिकृत ट्वीटर हैंडल और भाजपा के कई नेताओं के ट्विटर हैंडल और प्रदेश भाजपा के अधिकृत हैंडल BJP4CGState से भी लगातार विद्वेष भड़काने वाला पोस्ट किया गया है।

इन नेताओं के खिलाफ जारी हुआ नोटिस

सुनील एस पिल्लई- प्रदेश आईटी सेल प्रभारी (बीजेपी छत्तीसगढ़ ट्विटर हैंडल)
संजय श्रीवास्तव -भाजपा प्रदेश प्रवक्ता
केदार नाथ गुप्ता -भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ अध्यक्ष
योगी साहू- मंडल अध्यक्ष भाजपा युवा मोर्चा
कमल शर्मा- विभाग संयोजक भाजपा युवा मोर्चा
शुभांकर -भाजपा युवा मोर्चा अध्यक्ष डीडी नगर
नंदन जैन- कोषाध्यक्ष छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा
बिट्टू पानीग्रही- भाजपा कार्यकर्ता

कमिश्नर कावरे करेंगे मामले की जांच

बिरनपुर हिंसा में राज्य शासन ने दुर्ग संभागायुक्त महादेव कावरे हत्याकांड के संबंध में जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्होंने 18 अप्रैल शाम 5 बजे तक आयुक्त कार्यालय दुर्ग में किसी तरह की कोई जानकारी देने वाले के संबंध में निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि किसी तरह की कोई जानकारी देने वाले के संबंध में व्यक्ति कार्यालय में पहुंचकर या ईमेल आईडी से मेल कर सकते हैं या व्हाट्सएप नंबर पर जानकारी उपलब्ध करा सकते हैं।