रायपुर

दुकान का ताला तोड़ 3.5 लाख उड़ा ले गया शातिर... CCTV में कैद हुआ पूरा खेल

रायपुर। राजधानी के गोलबाजार में एक बड़ी चोरी की वारदात सामने आई है, जिससे इलाके के व्यापारियों में दहशत का माहौल है। अज्ञात चोर ने एक दुकान में घुसकर करीब 3.5 लाख रुपये नकद और एक मोबाइल फोन पर हाथ साफ कर दिया। यह घटना नरेन्द्र बैंगल्स स्टोर्स में हुई, जहां दुकान संचालक मनीष कुमार जैन और उनके भाई रोमिल जैन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।

दुकानदारों के अनुसार, 31 मार्च की रात दुकान बंदकर करीब 11:15 बजे घर चले गए थे। लेकिन अगले दिन 1 अप्रैल की सुबह जब दुकान खोली गई, तो कैश काउंटर का ताला टूटा हुआ मिला। जांच करने पर पता चला कि 500 रुपये की 7 गड्डियां, यानी कुल 3,50,000 रुपये गायब हैं। साथ ही दराज में रखा एक एंड्रॉइड मोबाइल भी चोरी हो चुका था।

घटना का खुलासा दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों से हुआ। फुटेज में रात 11:27 बजे एक दुबला-पतला युवक, बिना शर्ट पहने, कैश काउंटर का ताला तोड़ते और पैसे निकालते साफ नजर आ रहा है। हालांकि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि आरोपी दुकान के अंदर कैसे दाखिल हुआ और बाहर कैसे निकला।

मामले में गोलबाजार थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की पहचान करने की कोशिश कर रही है। दुकान संचालक ने इस घटना को अपने व्यवसाय और आर्थिक स्थिति के लिए गंभीर नुकसान बताया है और पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है। इस घटना के बाद गोलबाजार क्षेत्र के व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। प्रशासन ने भी दुकानदारों को सतर्क रहने, मजबूत ताले लगाने और सीसीटीवी सिस्टम सक्रिय रखने की सलाह दी है।