दो तेंदुए की खाल के साथ नौ अंतर राज्यीय तस्कर गिरफ्तार
रायपुर। वन विभाग और वन्य जीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय तेंदुआ खाल तस्कर गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई में कुल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
मामला बलरामपुर के वाड्रफनगर क्षेत्र का है। मुखबिर की सूचना पर टीम ने 2 अप्रैल को जमई गांव में घेराबंदी कर संदिग्धों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से 2 तेंदुआ खाल बरामद हुईं। बताया जा रहा है कि आरोपी यूपी और झारखंड से तस्करी के लिए पहुंचे थे।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह के अन्य सदस्य भी शामिल हो सकते हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि तेंदुओं का शिकार कहां किया गया था। वन विभाग ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया है।