रायपुर

रेलवे स्टेशन के पास जुआ खेलते 15 जुआरी गिरफ्तार

भिलाई। छत्तीसगढ़ के भिलाई नगर रेलवे स्टेशन के सामने सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलते हुए 15 लोगों को पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। थाना सुपेला पुलिस की इस कार्रवाई में आरोपियों के पास से नकदी, मोबाइल फोन और दोपहिया वाहन सहित कुल लगभग 4.50 लाख रुपये का सामान जब्त किया गया है। जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई 17 अप्रैल 2026 को की गई। थाना सुपेला क्षेत्र में भिलाई नगर रेलवे स्टेशन के सामने कोसनाला के पास कुछ लोगों द्वारा सार्वजनिक स्थान पर जुआ खेलने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी कर दबिश दी और मौके से 15 आरोपियों को जुआ खेलते हुए पकड़ा।

पुलिस ने मौके से कुल 1,14,000 रुपये नकद, 15 मोबाइल फोन और 5 दोपहिया वाहन जब्त किए हैं। जब्त किए गए सभी सामान की कुल अनुमानित कीमत लगभग 4.50 लाख रुपये बताई गई है। मामले में थाना सुपेला पुलिस ने अपराध क्रमांक 535/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम और बीएनएस की धारा 112(2) के तहत कार्रवाई की है। सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस के अनुसार, यह पूरा जुआ अड्डा सार्वजनिक स्थान पर अवैध लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने बताया कि इस तरह की गतिविधियां समाज में अपराध को बढ़ावा देती हैं, इसलिए इनके खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों में विभिन्न जिलों और क्षेत्रों के लोग शामिल हैं। इनमें विक्की साहनी (34), विनय (36), हिमांचल दास (56), शैलेन्द्र यादव (30), हेमलाल ढीमर (26), सतीश गुर्दे (48), विज्जू जैन (50), किशन साहू (46), सोनू कुमार साव (21), जशवंत साहू (26), लक्की साहू (28), जुलेश लाल (44), हीरा सिंह (30), मोह. अरशद अंसारी (27) और दिनेश साव (41) शामिल हैं। ये सभी छत्तीसगढ़ के विभिन्न स्थानों से संबंधित बताए जा रहे हैं।