रायपुर। छत्तीसगढ़ में कोरोना महामारी ने गर्मी के साथ ही अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरु कर दिया है। प्रदेश में शुक्रवार को महज 5344 सैंपल लिए गए, जिसमें 9.69 प्रतिशत यानी 518 लोग पॉजिटिव मिले हैं। इसके साथ ही प्रदेश की राजधानी रायपुर सहित जांजगीर—चांपा और बस्तर में 1—1 लोगों की मौत हुई है। इसके साथ ही इस बार प्रदेश में अब तक कुल 19 लोगों की मौत हो चुकी है।
प्रदेश में कोरोना की रफ्तार लगातार बढ़ती ही जा रही है, जबकि निर्देश के बावजूद भी सैंपल टेस्टिंग का आंकड़ा अभी तक 10 हजार प्रतिदिन नहीं पहुंचा है। शुक्रवार को भी प्रदेश में 5344 लोगों की ही जांच की गई और करीब 10 फीसदी लोग कोरोना महामारी से संक्रमित मिले हैं।
प्रदेश की राजधानी रायपुर में लगातार मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है और इस वक्त सबसे ज्यादा सक्रिय मरीज भी रायपुर में ही हैं। इसके बाद प्रदेश के बड़े जिलों में दुर्ग, राजनांदगांव, बिलासपुर, जांजगीर—चांपा, जगदलपुर सहित स्वास्थ्य विभाग द्वारा सूचीबद्ध कुल 28 जिले हैं, जहां हर दिन पॉजिटिव मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है।
कोरोना के लगातार बढ़ते मरीजों को लेकर स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव का दावा है कि प्रदेश में आपात स्थिति नहीं आएगी। संक्रमण से बचने के लिए उन्होंने प्रदेश के लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।