खुद को नेताओं का करीबी बता लिया झांसे में और ठग लिए 4.39 करोड़ रुपये, अपराध दर्ज
2023-04-25 12:53 PM
231
रायपुर। राजधानी के सड्डू निवासी एक ठग ने खुद को नेताओं और बड़े अधिकारियों का करीबी बताकर 4.39 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी कर ली। आरोपी ने पीड़ितों को सरकारी काम दिलाने का झांसा दिया था। आरोपी ने तय समय पर काम नहीं दिलाया, तो पीडि़त ने पैसा मांगा। पीडि़त के पैसा मांगने पर आरोपी घुमाने लगा और फिर उसका फोन उठाना बंद कर दिया। कारोबारी ने आरोपी की शिकायत सिविल लाइन पुलिस को की है। आरोपी का नाम पुलिस द्वारा शैलेंद्र बघेल बताया जा रहा है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता सुशील शर्मा ने बताया, कि 2021 में मैं अपने भतीजे मनीष मिश्रा के माध्यम से शैलेंद्र बघेल नामक व्यक्ति से मिला शैलेंद्र बघेल ने मुझे बताया कि उसकी शासकीय विभागों में अच्छी पकड़ है। वर्तमान में प्रत्येक जिले हेतु 2.50 करोड रुपए का काम होना प्रस्तावित है। वह प्रत्येक जिले, ग्राम एवं नगर पंचायतों में होने वाले सिविल कार्य एलईडी लाइटिंग सोलर पैनल एवं सोलर एनर्जी का कार्य दिला सकता है।
कारोबारी शैलेंद्र की बातों में आ गया। कारोबारी ने काम दिलाने के नाम पर खर्च की बात की तो शैलेंद्र ने बताया, कि एक करोड़ के काम पर 40 प्रतिशत खर्च आएगा। आरोपी ने 10 प्रतिशत राशि काम दिलाने के पहले मांग की। कारोबारी ने आरोपी की बातों में आकर अपने दोस्त प्रेम रतन भट्टर, नरेंद्र शर्मा एवं शिरीष अवस्थी को उपरोक्त कार्य के बारे में बताया।
सभी पाटर्नर बनने के लिए राजी हो गए और 4 अगस्त 2021 को शैलेंद्र को बुलाकर 50 लाख रुपए दिए। शैलेंद्र ने काम एक माह में दिलाने की बात कही और फिर धीरे-धीरे टरकाने लगा। कारोबारी ने शैलेंद्र के बारे में पता किया, तो पता चला, कि उसने रजनीश नशीने ,मालवे, शंकर दमोहे, इंदर सोनकर तथा मनीष मिश्रा से भी लगभग 3 करोड़ 66 लाख रुपए लिया है। पैसे लेने के बाद भी काम नहीं दिलवा रहा है। शैलेंद्र को 19 जनवरी को छेरीखेरी के निजी होटल में बुलाया, तो उसने 10 फरवरी 2022 तक काम दिलाने अन्यथा पैसा वापस करने की बात कही। आरोपी ने आज तक पैसा नहीं दिया, तो पीडि़तों ने पुलिस में शिकायत कर दी है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।