रायपुर

केरल में मानसून की एंट्री, प्रदेश में बदलेगा मौसम, रायपुर आंधी-बारिश का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी और उमस से बेहाल लोगों के लिए आखिरकार राहत भरी खबर आ गई है। मौसम विभाग ने देश में मानसून के दस्तक देने की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इसके साथ ही भारत के मुख्य बरसाती सीजन की शुरुआत हो गई है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, मानसून के लगातार आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल हैं। अगले कुछ ही दिनों में यह तेजी से उत्तर भारत और मध्य भारत की ओर रुख करेगा। इस बीच, आज छत्तीसगढ़ में भी मौसम का मिजाज) बदलने वाला है।

प्रदेश में पिछले 24 घंटे के दौरान रात के तापमान (न्यूनतम तापमान) में 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे रात में उमस बढ़ गई है। बीते दिन रायपुर और राजनांदगांव जिले में सबसे ज्यादा 42 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। हालांकि, राहत की बात यह है कि अगले 5 दिनों तक प्रदेशवासियों को चिलचिलाती धूप से थोड़ी राहत मिलने के आसार हैं। इस दौरान दिन के अधिकतम तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी की संभावना नहीं जताई गई है।

रायपुर के मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के लक्षद्वीप, केरल और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों के साथ-साथ बंगाल की खाड़ी के बाकी इलाकों में अगले 24 घंटे के भीतर आगे बढ़ने के लिए बहुत मजबूत सिस्टम बना हुआ है।

इसके अलावा, एक पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर 1.5 किलोमीटर से 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक्टिव है। साथ ही, उत्तर-पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर एक ऊपरी हवा का चक्रवाती घेरा भी बना हुआ है।

इन दो-तीन वेदर सिस्टम के एक साथ एक्टिव होने के कारण छत्तीसगढ़ में आज कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा या गरज-चमक के साथ बूंदबांदी होने की पूरी संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ इलाकों में तेज अंधड़ चल सकता है और आकाशीय बिजली भी गिर सकती है। इस दौरान दिन के तापमान में मामूली उतार-चढ़ाव ही देखने को मिलेगा।