रायपुर

रायपुर समेत पूरे प्रदेश में आज से बदलेगा मौसम….. चलेगी आंधी और होगी बारिश

रायपुर। छत्तीसगढ़ के दक्षिण-पश्चिम मानसून की एंट्री के लिए माहौल बिल्कुल तैयार हो चुका है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक अगले तीन से चार दिनों के भीतर मानसून छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में दस्तक दे देगा। इसी के साथ आज 11 जून से पूरे प्रदेश में आंधी, तूफान, कड़कड़ाती बिजली और झमाझम बारिश का दौर शुरू होने जा रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बिजली गिर सकती है। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से अंधड़ चलने की भी आशंका है। प्रशासन ने आम लोगों और खास तौर पर किसानों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों या पेड़ों के नीचे खड़े न हों और सुरक्षित जगहों पर शरण लें।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मानसून इस समय देश के कई राज्यों में पूरी तरह एक्टिव है। अगले 3-4 दिनों में यह महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा और झारखंड के रास्ते होते हुए छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में दाखिल हो जाएगा। इसकी वजह से हवाओं का रुख बदलेगा और उमस भरी गर्मी से लोगों को निजात मिलेगी।

मौसम विभाग के अनुसार इस समय आसमान में एक साथ कई प्रणालियां काम कर रही हैं। पंजाब से लेकर पश्चिम बंगाल तक एक मौसमी द्रोणिका बनी हुई है। इसके साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर हवा का चक्रवाती घेरा सक्रिय है। एक अन्य द्रोणिका उत्तर प्रदेश से लेकर छत्तीसगढ़ और विदर्भ तक फैली हुई है। इन तीन प्रणालियों के कारण बंगाल की खाड़ी से लगातार प्रचुर मात्रा में नमी आ रही है, जिससे बारिश की गतिविधियां तेज होने वाली हैं।

राजधानी रायपुर और आसपास के इलाकों के लिए मौसम विभाग ने कहा है कि आज 11 जून को आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। दोपहर या शाम के समय शहर में तेज धूलभरी आंधी चलने और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की पूरी संभावना है।