रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। सुबह से बदली और ठंडी हवाओं के बाद राजधानी सहित प्रदेश के कई इलाकों में कुछ देर के लिए ही सही, लेकिन झमाझम बारिश हुई है। मौसम विभाग के अनुमान के तहत अगले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाएं, अंधड़ के साथ ही बारिश होने की आशंका व्यक्त की गई है, जिसे देखते हुए अलर्ट जारी किया गया है।
विभागीय अंदेशे के मुताबिक इस दौरान तेज गरज—चमक के साथ वज्रपात भी हो सकता है। वहीं हवाएं लगातार दिशाएं बदल रही है, जिसकी वजह से अंधड़ की भी आशंका बनी हुई है। मौसम विभाग ने वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए इस दौरान संभल कर रहने की अपील की है, बच्चों और मवेशियों को भी मौसम की मार से बचाने के लिए कहा गया है।
बता दें कि भारत मौसम विज्ञान ने एक दिन पहले ही देशभर में अंधड़ और बारिश की संभावना जताई थी। मध्यप्रदेश, ओड़िशा और आंध्रप्रदेश में जिस तरह के हालात बने हुए हैं, उसकी वजह से छत्तीसगढ़ में मौसम का मिजाज इस पूरे सप्ताह इसी तरह रहने की आशंका भी जताई है।
इन जिलों के लिए अलर्ट जारी
मौसम विभाग केंद्र ने प्रदेश में अंधड़, वज्रपात और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। वहीं 30 अप्रैल सुबह 8 बजे से अगले 24 घंटे तक प्रदेश के धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, कोंडागांव, कांकेर और उससे लगे कुछ कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात होने, अंधड़ और एक दो स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना जताई है।
इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके आलवा प्रदेश के सभी संभागों के जिलों में एक-दो स्थानों पर गरज चमक के साथ बारिश की संभावना है। 1 मई की सुबह 8 बजे से अगले 24 घंटे तक चेतावनी जारी की है।