प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को मिल रहा 17.50 करोड़ रुपये बेरोजगारी भत्ता, देखें लाइव
2023-04-30 11:24 AM
225
रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राज्य के 70 हजार युवाओं को बेरोजगारी भत्ते के रूप में 17.50 करोड़ रुपये की राशि ऑनलाइन अंतरित किया। मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने बेरोजगारी भत्ता के लिए चयनित युवाओं से चर्चा की। साथ ही वर्चुअल रूप से जुड़े जिलों के अन्य युवाओं से भी रू-ब-रू हुए।
बतादें कि मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में 1 अप्रैल 2023 को बेरोजगारी भत्ता योजना का शुभारंभ किया है। योजना के तहत अब तक 70 हजार युवाओं का बेरोजगारी भत्ता स्वीकृत किया जा चुका है। बेरोजगारी भत्ता के पोर्टल पर एक लाख 27 हजार लोगों द्वारा आवेदन किया जा चुका है। बेरोजगारी भत्ता योजना के लिए आवेदन करने की कोई अंतिम तिथि निर्धारित नहीं है और पोर्टल सभी दिनों के लिए 24 घंटे खुला है, आवेदक इस पोर्टल पर अपनी सुविधा अनुसार कभी भी आवेदन कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री बघेल की घोषणा के अनुरूप बेरोजगारी भत्ते की राशि 2,500 रुपये सीधे आवेदकों के बैंक खाते में डीबीटी द्वारा ट्रांसफर की गई। योजना का उद्देश्य प्रदेश के बेरोजगारों को प्रतिमाह 2,500 रूपए का भत्ता देने के साथ-साथ उन्हें कौशल प्रशिक्षण देकर रोजगार योग्य बनाना है। बेरोजगारी भत्ता योजना के आवेदक को छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना आवश्यक है। योजना के लिए आवेदन किए जाने वाले वर्ष के 1 अप्रैल को आवेदक की उम्र 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए।