जन्माष्टमी के पावन अवसर पर भव्य भजन संध्या का आयोजन
2026-09-04 01:32 PM
34
रायपुर। श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ रायपुर ऐलिगेंस एवं हरे कृष्ण मूवमेंट भिलाई-रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया। इस अवसर पर सुप्रसिद्ध भजन गायिका मैथिली ठाकुर ने अपनी मधुर एवं भक्तिमय प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम 3 सितंबर 2026, गुरुवार को शाम 6:30 बजे आयोजित किया गया। इस आध्यात्मिक संध्या में श्रद्धालुओं के लिए रोटरी क्लब ऑफ रायपुर ऐलिगेंस द्वारा अन्नप्रसाद (महाप्रसाद) का वितरण किया गया। अन्नदान के माध्यम से सेवा, समर्पण और मानवता का संदेश दिया गया।
रोटरी क्लब ऑफ रायपुर ऐलिगेंस की अध्यक्ष रोटेरियन प्रियंका गुप्ता ने कार्यक्रम की सफलता के लिए सभी आयोजकों, सदस्यों एवं सहयोगियों को हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित करते हुए कहा कि श्रीकृष्ण की भक्ति और सेवा का यह सुंदर संगम समाज में प्रेम, करुणा और मानवता की भावना को और मजबूत करता है।
उन्होंने सभी श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आध्यात्मिक एवं सेवा-समर्पित आयोजन रोटरी के “Service Above Self” के भाव को सार्थक करते हैं। कार्यक्रम में सेक्रेटरी रोटेरियन डॉ. स्वाति अग्रवाल, चेयरपर्सन रोटेरियन वर्षा अग्रवाल सहित रोटरी क्लब ऑफ रायपुर ऐलिगेंस के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।