आरंग और पाटन में होगा श्रमिक सहायता केन्द्र का शुभारंभ, हितग्राहियों को मिलेगा लाभ
2023-05-01 10:57 AM
204
रायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल आज राजधानी रायपुर में श्रमिक सम्मेलन और कांकेर में आयोजित कर्मा महोत्सव में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दोपहर 12 बजे राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में अंतर्राष्ट्रीय श्रम दिवस पर आयोजित ‘श्रमिक सम्मेलन‘ कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री इसके पश्चात् दोपहर 2.10 बजे रायपुर के पुलिस परेड ग्राउण्ड हेलीपेड से हेलीकॉप्टर द्वारा कांकेर के लिए रवाना होंगे और वहां 2.55 बजे मेला भाठा मैदान में साहू समाज द्वारा आयोजित जिला स्तरीय कर्मा महोत्सव एवं लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री शाम 5.05 बजे पुलिस परेड ग्राउण्ड रायपुर लौट आएंगे।
साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित श्रमिक सम्मेलन में मुख्यमंत्री लगभग एक लाख श्रमिकों को विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत 47.12 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में अंतरित करेंगे और आरंग और पाटन में श्रमिक सहायता केन्द्र का शुभारंभ भी करेंगे। इस दौरान वे राजीव गांधी भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के लाभार्थियों से संवाद भी करेंगे। सम्मेलन में श्रम विभाग द्वारा श्रमिक कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं से लाभांवित हितग्राहियों का सम्मान भी किया जाएगा। कार्यक्रम स्थल पर श्रमिकों के लिए चलाई जा रही योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इस मौके पर श्रमिकों के सम्मान में सामूहिक बोरे-बासी भोज का आयोजन होगा।
श्रमिक सम्मेलन में मुख्यमंत्री श्रम विभाग की हितग्राहीमूलक योजनाओं पर 47.12 करोड़ रुपये की राशि का बैंक खातों में अंतरण करेंगे। इनमें छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल अतर्गत 83086 हितग्राहियों को 22.76 करोड़ रुपये छत्तीसगढ़ असंगठित कर्मकार राज्य सामाजिक मंडल अंतर्गत 11542 हितग्राहियों को 20.83 करोड़, छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल अतर्गत 6457 हितग्राहियों को 3.09 करोड़ रूपए तथा कर्मचारी राज्य बीमा सेवाएं अंतर्गत 50 बीमित व्यक्ति को चिकित्सा हितलाभ राशि 44.55 लाख रुपये इस प्रकार कुल 101135 हितग्राहियों के बैंक खाते में डीबीटी के माध्यम से 47.12 करोड़ रुपये की राशि अंतरण शामिल है।