दशहरा-दिवाली और शीतकालीन छुट्टी का ऐलान, इतने दिनों तक बंद रहेंगे स्कूल
रायपुर। छत्तीसगढ़ के शैक्षणिक संस्थानों में वर्ष 2026 के लिए दशहरा, दीपावली और शीतकालीन अवकाश की आधिकारिक तिथियां घोषित कर दी गई हैं। जारी आदेश के अनुसार राज्य के सभी शासकीय, अनुदान प्राप्त और निजी स्कूलों में इन त्योहारों पर कुल 15 दिनों की छुट्टियां रहेंगी।
जारी आदेश के मुताबिक दशहरा अवकाश 17 अक्टूबर 2026 से 21 अक्टूबर 2026 तक रहेगा, जिसके तहत कुल 5 दिनों की छुट्टी निर्धारित की गई है। इसके बाद दीपावली के मौके पर 6 नवंबर 2026 से 10 नवंबर 2026 तक 5 दिनों का अवकाश घोषित किया गया है। वर्ष के अंत में शीतकालीन अवकाश की शुरुआत 24 दिसंबर से होगी, जो 28 दिसंबर तक प्रभावी रहेगी। तीनों अवसरों को मिलाकर 5-5 दिनों के हिसाब से कुल 15 दिनों का अवकाश तालिका में शामिल है।
शैक्षणिक सत्र 2025-26 में दशहरा अवकाश 29 सितम्बर 2025 से 04 अक्टूबर 2025 तक, कुल 6 दिनों का दिया गया था। वहीं दीपावली अवकाश 20 अक्टूबर से 25 अक्टूबर 2025 तक 6 दिन निर्धारित थी। इसी प्रकार शीतकालीन अवकाश 22 दिसम्बर से 27 दिसम्बर 2025 तक, 6 दिन का अवकाश दिया गया था।