रायपुर

योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक और आत्मिक शुद्धिकरण का माध्यमः डॉ. लता

रायपुर। पुरानी बस्ती स्थित अग्रसेन महाविद्यालय के योग दर्शन विभाग और आई क्यू ए सी (IQAC) के संयुक्त तत्वाधान में एक दिवसीय राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार का मुख्य विषय 'स्वास्थ्य एवं सशक्त समाज के निर्माण में योग की भूमिका' था, जिसमें देश के जाने-माने शिक्षाविदों और योग विशेषज्ञों ने शिरकत की और छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन किया।

मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुईं डॉ. लता (राष्ट्रीय अध्यक्ष, भारतीय योगिनी एसोसिएशन) ने 'स्वास्थ्य एवं सशक्त समाज के निर्माण में योग की भूमिका' पर अपने सारगर्भित विचार रखे। उन्होंने कहा, "योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मानसिक और आत्मिक शुद्धिकरण का माध्यम है। एक सशक्त समाज का निर्माण तभी संभव है, जब उसका हर नागरिक शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ हो। योग हमें अनुशासन, संयम और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है, जिससे हम राष्ट्र निर्माण में बेहतर योगदान दे सकते हैं।"  डॉ. डीलेश्वरी साहू  विभागाध्यक्ष - योग विभाग, आंजनेय यूनिवर्सिटी, ने 'आधुनिक जीवन शैली और मानव स्वास्थ्य' विषय पर प्रकाश डाला। उन्होंने समकालीन चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा, "आज की भागदौड़ भरी जिंदगी, तनाव और असंतुलित खान-पान ने मानव स्वास्थ्य को बुरी तरह प्रभावित किया है। इस आधुनिक जीवन शैली के दुष्प्रभावों से बचने का एकमात्र सुलभ और प्रभावी मार्ग योग है। दैनिक जीवन में योग को अपनाकर हम न सिर्फ बीमारियों से दूर रह सकते हैं, बल्कि मानसिक शांति भी प्राप्त कर सकते हैं।"

महाविद्यालय के डायरेक्टर डॉ.व्ही के  अग्रवाल ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य का तालमेल होना अनिवार्य है। योग विद्या हमारी प्राचीन संस्कृति की अनमोल धरोहर है और युवाओं को इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। महाविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी डॉ. अमित अग्रवाल ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे राष्ट्रीय सेमिनार छात्रों के बौद्धिक और व्यावहारिक विकास के लिए बेहद जरूरी हैं। योग के माध्यम से छात्र एकाग्रता बढ़ाकर अपने शैक्षणिक लक्ष्यों को आसानी से हासिल कर सकते हैं।

इस राष्ट्रीय सेमिनार को लेकर महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं में अभूतपूर्व उत्साह देखा गया। विद्यार्थियों ने न केवल व्याख्यान को ध्यानपूर्वक सुना, बल्कि विषय से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन योग विभाग की सहायक प्राध्यापक सुमित्रा यादव द्वारा अत्यंत प्रभावी ढंग से किया गया। इस पूरे भव्य आयोजन को सफल बनाने में कार्यक्रम प्रभारी व योग विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. मंजू सिंह ठाकुर, सह-प्रभारी डॉ. डॉली पांडे (IQAC इंचार्ज) और सहायक प्राध्यापक अभिनव अग्रवाल की सराहनीय व मुख्य भूमिका रही।

कार्यक्रम के अंतिम चरण में अग्रसेन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. यूलेंद्र राजपूत ने सेमिनार में उपस्थित सभी मुख्य वक्ताओं, अतिथियों, प्राध्यापकों और छात्र-छात्राओं के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने सफल आयोजन के लिए पूरी टीम को बधाई देते हुए सभी का सहृदय आभार व्यक्त किया।