मेरी निजी बातों पर फैसले लेने वाले रामविचार कौन... घर लौटते ही साय हुए हमलावर... बढ़ाई गई सुरक्षा
2023-05-03 10:50 AM
353
रायपुर। छत्तीसगढ़ के दिग्गज आदिवासी नेता डॉ. नंदकुमार साय कांग्रेस प्रवेश के बाद अपने सरकारी निवास लौट आए हैं। भाजपा से इस्तीफा देने के बाद से वे आशंकाओं को देखते हुए अज्ञातवास में थे। कांग्रेस प्रवेश के वक्त वे सीधे राजीव भवन पहुंचे, मुख्यमंत्री डॉ. भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मोहन मरकाम के साथ चर्चा के बाद वे फिर से अज्ञातवास में चले गए थे, लेकिन मंगलवार को उन्होंने अज्ञातवास समाप्त कर दिया है, तो साथ ही उनकी सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है।
इस दौरान हुई चर्चा में अब कांग्रेस नेता डॉ. साय से जब बाल कटाए जाने के संकल्प को लेकर सवाल हुआ तो, उन्होंने तीखे अंदाज में कहा कि कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए जो भी बातें मेरे संदर्भ में कही गई, उसका फैसला रामविचार नेताम ने मुझसे पूछकर नहीं लिया था। उन्होंने कहा कि मैंने इस तरह का ना तो संकल्प लिया था और ना ही मैंने सार्वजनिक तौर पर इस बात की घोषणा की थी।
डॉ. साय ने कहा कि बाल ना कटाने की बात भाजपा नेता रामविचार ने एक सार्वजनिक सभा के दौरान अचानक से कही। हजारों लोग उस सभा में मौजूद थे। उस संकल्प के बारे में ना तो मुझे कोई जानकारी थी, ना ही मुझसे इस बारे में किसी तरह की चर्चा हुई थी। तो जाहिर है कि यह संकल्प रामविचार नेताम का था। डॉ. साय ने कहा कि मेरी निजी चीजों पर किसी का भी अधिकार कैसे हो सकता है..? और रामविचार कौन होते हैं, तो मेरी निजी चीजों को दाव पर लगाकर अपनी राजनीति की रोटी सेंके।