रायपुर

एनआईटी रायपुर में सफाईमित्रों के स्वास्थ्य और सम्मान पर विशेष पहल

रायपुर। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी), रायपुर के सहयोग क्लब और डिस्पेंसरी द्वारा स्वच्छता ही सेवा (एसएचएस) 2026 अभियान के अंतर्गत सोमवार को ‘व्यावसायिक स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं सुरक्षा : सफाईमित्र सुरक्षा एवं सम्मान’ विषय पर पांच दिवसीय कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य संस्थान के स्वच्छता कर्मियों के स्वास्थ्य की निवारक देखभाल, कार्यस्थल पर शारीरिक अनुकूलन (एर्गोनॉमिक्स) तथा उनके सम्मान और गरिमा को बढ़ावा देना है।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एनआईटी रायपुर के सीडीसी प्रमुख डॉ. समीर बाजपेयी थे। इस अवसर पर हाउसकीपिंग समिति के अध्यक्ष डॉ. धर्म पाल, प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रकोष्ठ के संकाय प्रभारी डॉ. विवेक कुमार गाबा तथा स्वच्छता ही सेवा-2026 के नोडल अधिकारी डॉ. तीरथ प्रसाद साहू उपस्थित रहे। कार्यशाला का समन्वय डॉ. आशीष कुमार दाश, डॉ. मधुकृष्णा प्रियदर्शिनी और डॉ. सौम्या अग्रवाल कर रहे हैं।

डॉ. आशीष कुमार दाश ने अतिथियों, संकाय सदस्यों और स्वच्छता कर्मियों का स्वागत किया। डॉ. सौम्या अग्रवाल ने बताया कि कार्यशाला के अंतर्गत स्वास्थ्य जागरूकता सत्रों, चिकित्सकीय परामर्श और विशेष जांच शिविरों के माध्यम से स्वच्छता कर्मियों को लाभान्वित किया जाएगा। शिविरों में दंत एवं मुख स्वास्थ्य, नेत्र जांच, अस्थि रोग, फिजियोथेरेपी और मांसपेशीय स्वास्थ्य संबंधी जांच एवं परामर्श के साथ मधुमेह, उच्च रक्तचाप, कुपोषण और एनीमिया की जांच भी की जाएगी।

डॉ. धर्म पाल ने संस्थान के सुचारु संचालन में स्वच्छता कर्मियों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें संस्थान परिवार का अभिन्न अंग बताया। मुख्य अतिथि डॉ. समीर बाजपेयी ने पहल की सराहना करते हुए ‘उपचार से बेहतर बचाव’ पर जोर दिया। उन्होंने स्वच्छता कर्मियों से कार्यशाला में सक्रिय भागीदारी करने, स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को खुलकर साझा करने और उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठाने की अपील की।

उद्घाटन समारोह के दौरान आयोजित ‘सफाईमित्र सम्मान’ कार्यक्रम में स्वच्छता कर्मियों को उनकी सेवाओं के सम्मान में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य देखभाल किट वितरित की गईं। डॉ. मधुकृष्णा प्रियदर्शिनी ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। पांच दिवसीय कार्यशाला का समापन 16 अक्टूबर 2026 को अंतिम स्वास्थ्य आकलन और समापन समारोह के साथ होगा।

अभियान के तहत संस्थान की राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) इकाई ने 11 अक्टूबर को डंगनिया तालाब में स्वच्छता अभियान चलाया। डॉ. नीरज मनहास और संकाय प्रभारी डॉ. जितेंद्र के. राउत के मार्गदर्शन में आयोजित अभियान में कैडेट्स ने भाग लेकर पर्यावरणीय स्वच्छता और सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।

इसी क्रम में संस्थान के नृत्य क्लब ‘नृत्यम’ ने 12 अक्टूबर को ‘नृत्य संकल्प : स्वच्छ भारत के लिए नृत्य’ शीर्षक से सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. मनोज चोपकर की उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम का मार्गदर्शन डॉ. श्रुति एस. नागदेवे और डॉ. अनिल मांझी ने किया। प्रस्तुति के माध्यम से स्वच्छता, सतत विकास और स्वच्छ एवं हरित भारत के निर्माण में जनभागीदारी का संदेश दिया गया।