छत्तीसगढ़ का पहला आधुनिक डिजिटल एजुकेशन स्टूडियो प्रारंभ
- राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र संघचालक डॉ पूर्णेन्दु सक्सेना ने किया उदघाटन
- रायपुर के प्रसिद्ध विषय विशेषज्ञों से सीधे पढ़ेंगे सुदूर वनवासी क्षेत्र के विद्यार्थी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में एक हजार से अधिक सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय संचालित करने वाली संस्था सरस्वती शिक्षा संस्थान छत्तीसगढ़ द्वारा आज आधुनिक डिजिटल एजुकेशन स्टूडियो का भव्य शुभारंभ किया गया। स्टूडियो का उद्घाटन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र संघचालक डॉ पूर्णेन्दु सक्सेना ने किया।
आधुनिक डिजिटल एजुकेशन स्टूडियो का उदघाटन करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्र संघचालक डॉ पूर्णेन्दु सक्सेना ने इसे छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा क्षेत्र में एक अभिनव पहल बताया और उन्होंने अपने संबोधन में इस डिजिटल टेक्नोलॉजी को विद्यार्थियों के लिए वरदान बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता रामभरोसा सोनी, प्रांतीय अध्यक्ष, सरस्वती शिक्षा संस्थान,छत्तीसगढ़ ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. देवनारायण साहू, प्रांतीय संगठन मंत्री, विद्या भारती, छत्तीसगढ़। उपस्थित रहे।
सरस्वती शिक्षा संस्थान छत्तीसगढ़ के प्रादेशिक सचिव लक्ष्मणराव मगर ने बताया कि छत्तीसगढ़ के सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालयों में उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करने डिजिटल माध्यम के उपयोग करने की दृष्टि से इस नए डिजिटल लैब की शुरूवात की गई। इस एजुकेशन डिजिटल स्टूडियो का कंट्रोल रूम रायपुर के सरस्वती शिक्षा संस्थान के मुख्यालय रोहणीपुरम में है। छत्तीसगढ़ के प्रमुख शहरों से लेकर सुदूर वनवासी क्षेत्रों में स्तिथ 150 से अधिक सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय इस कंट्रोल रूम से डायरेक्ट जुड़े हैंय़ उपरोक्त सभी 150 विद्यालय में स्मार्ट क्लास का निर्माण किया गया है।
इस अवसर पर प्रांत संघ चालक छत्तीसगढ़ प्रांत टोपलाल वर्मा, पूर्व प्रादेशिक सरस्वती शिक्षा संस्थान विवेक सक्सेना, पूर्व अध्यक्ष सरस्वती शिक्षा संस्थान बद्रीनाथ केशरवानी, सहसचिव निश्चय बाजपेयी, विभाग प्रमुख मोहन पवार, प्रशिक्षण निदेशक आशुतोष चावरे, जिला शिक्षा अधिकारी राजनांदगांव प्रवास बघेल और हरिराम मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मानिक लाल साहू सह प्रांत प्रमुख ने किया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर आयोजित ऑनलाइन कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के 208 विद्यालयों से 5000 से अधिक विद्यार्थी एवं शिक्षकगण एवं समिति के पदाधिकारी उत्साहपूर्वक सम्मिलित हुए।