रायपुर

प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना से कंचन तिवारी को मिला आर्थिक संबल, मातृत्व के सफर में बनी मददगार

रायपुर : प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में शासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों को धरातल पर साकार कर रही है। योजना के माध्यम से गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान कर उन्हें मातृत्व के दौरान आवश्यक पोषण एवं बच्चे की देखभाल में सहयोग दिया जा रहा है। इस योजना से लाभान्वित होकर कोंडागांव जिला मुख्यालय के तहसीलपारा निवासी कंचन तिवारी के जीवन में भी सकारात्मक बदलाव आया है।

 कंचन बताती हैं कि पहली बार गर्भवती होने पर उन्हें आंगनबाड़ी केंद्र की कार्यकर्ता दीदी के माध्यम से प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की जानकारी मिली। उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं को आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। जानकारी मिलने के बाद कंचन ने आंगनबाड़ी केंद्र के माध्यम से योजना के लिए आवश्यक आवेदन एवं दस्तावेज जमा किए। इसके फलस्वरूप उन्हें पहली किस्त के रूप में 3,000 रुपये की सहायता राशि प्राप्त हुई। इस राशि का उपयोग उन्होंने अपने खान-पान एवं आवश्यक जरूरतों को पूरा करने में किया।

इसके बाद बच्चे के जन्म पर उन्हें 2,000 रुपये की अतिरिक्त सहायता राशि मिली। कंचन ने इस राशि का उपयोग अपने बच्चे की जरूरतों को पूरा करने में किया तथा भविष्य में बच्चे के काम आने के लिए कुछ राशि बचाकर भी रखी। वे बताती हैं कि शासन से मिली यह आर्थिक सहायता उनके लिए काफी उपयोगी साबित हुई और इससे उन्हें गर्भावस्था के दौरान अपने पोषण तथा बच्चे की देखभाल में मदद मिली।

 कंचन ने प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहती हैं कि महिलाओं के हित में शुरू की गई यह योजना उनके लिए काफी लाभदायक है। इससे जरूरत के समय आर्थिक सहयोग मिलता है और महिलाएं अपनी तथा अपने बच्चों की बेहतर देखभाल कर पाती हैं।