देश-विदेश

संतों का सानिध्य हमें ईश्वर से संवाद का अवसर देता है : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

 भोपाल : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि संतों का सानिध्य प्राप्त होना हमारा सौभाग्य है। संतों के माध्यम से हमें साक्षात् ईश्वर से संवाद का अवसर मिलता है। दादा गुरु जी के सानिध्य में आयोजित मां नर्मदा की पांचवीं परिक्रमा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि आस्था, साधना, सद्भाव और लोककल्याण का आध्यात्मिक मार्ग है। यह अवसर देव मार्ग पर चलने का सौभाग्य प्रदान करता है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव पांचवीं नर्मदा परिक्रमा यात्रा के शुभारंभ कार्यक्रम में श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे। यात्रा कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर स्थित गौमुख घाट पर अवधूत सिद्ध महायोगी दादा गुरु जी के सानिध्य में प्रारंभ हुई। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने श्रद्धालुओं को यात्रा के मंगलमय एवं निर्विघ्न संपन्न होने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस यात्रा से समाज में आपसी सद्भाव, समरसता और आध्यात्मिक चेतना का विस्तार होगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने नर्मदा मैया की आरती और विधिवत् पूजन-अर्चन किया तथा देश-प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली के लिए कामना की। मां नर्मदा के जयघोष के साथ पांचवीं नर्मदा परिक्रमा यात्रा का शुभारंभ हुआ। मां नर्मदा को चुनरी ओढ़ाई गई, मुख्यमंत्री डॉ. यादव गौमुख घाट से परिक्रमा यात्रा में शामिल भी हुए।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में संपूर्ण विश्व सनातन संस्कृति और उसके विराट वैभव से परिचित हुआ है। स्वामी विवेकानंद ने लगभग 100 वर्ष पूर्व दुनिया को बता दिया था कि 21वीं शताब्दी भारत की होगी। आज भारत विश्व का सबसे युवा देश है और प्रधानमंत्री  मोदी ने दुनिया को भारत की क्षमताओं का अहसास कराया है। तबके नरेन्द्र (स्वामी विवेकानंद) से लेकर आज के नरेन्द्र (प्रधानमंत्री मोदी) तक की भारत की यात्रा निश्चित रूप से यह प्रमाणित करती है कि यह सदी हमारी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार की सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं के प्रति प्रतिबद्धता विभिन्न आयोजनों में स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। हमारी सनातन परंपराएं समाज को जोड़ने और मानव कल्याण का संदेश देती हैं।

----------