CRIME NEWS : रायपुर में NSUI के प्रदेश सचिव पर चाकू से हमला... शराब के लिए पैसे मांगने पर विवाद... आरोपी के खिलाफ कई मामले
रायपुर में कुछ बदमाशों ने मिलकर NSUI के प्रदेश सचिव मेहताब हुसैन को चाकू मार दिया। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गया है। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने उससे शराब के लिए पैसे मांगे थे। मगर उसने पैसे देने से मना कर दिया। जिसके बाद बदमाशों ने उससे मारपीट की। फिर चाकू मार दिया और भाग गए थे। मगर बाद में पुलिस ने 2 आरोपियों को पकड़ लिया है और उनका जुलूस भी निकाला है। मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र का है।
डीडी नगर इलाके का रहने वाला मेहताब हुसैन मंगलवार रात को अपने दोस्तों के साथ गोल चौक में खड़ा होकर चाय पी रहा था। उसी दौरान वहां पर बदमाश ओम दुबे अपने 3-4 दोस्तों के साथ वहां पहुंच गया। इसके बाद ओम ने मेहताब से शराब के लिए पैसे मांगे, लेकिन मेहताब ने साफ इनकार कर दिया था।
गाली-गलौज के बाद और बढ़ा विवाद
बताया गया है कि इसके बाद से ही विवाद शुरू हो गया। ओम मेहताब से गाली-गलौज करने लग गया। इस पर विवाद और शुरू हो गया। फिर मेहताब के साथ मारपीट की गई। बात और आगे बढ़ती देख ओम ने चाकू निकाला और मेहताब को मार दिया। जिससे वह लहुलूहान होकर जमीन पर गिर गया। वारदात को अंजाम देने के बाद ओम और उसके साथी भाग निकले।
उधर, आस-पास के लोगों की मदद से घायल को अस्पताल भेजा गया। जहां उसका उपचार किया गया है। इसके अलावा पुलिस से भी मामले की शिकायत की गई थी। जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया और आरोपी ओम का पता लगाया। बाद में मंगलवार देर रात ही ओम और उसके एक साथी रवि को गिरफ्तार कर लिया गया है। कुछ और आरोपियों की तलाश जारी है।
15 दिन पहले जेल से लौटा था
घटना के बाद यह बात भी पता चली है कि आरोपी ओम दुबे हत्या के प्रयास मामले में अगस्त 2022 में जेल गया था। जिसके बाद वह अभी 15 दिन पहले ही रिहा हुआ है। मगर जेल से छूटने के बाद फिर से उसने इस वारदात को अंजाम दे दिया। आरोपी के खिलाफ डीडी नगर थाने में ही 10 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।