कांकेर की घटना के बाद जागी राजधानी पुलिस, इन स्कूली आटों पर की कार्रवाई
2023-02-13 03:59 PM
278
रायपुर। कांकेर जिले के कोरर में ट्रक की चपेट में आने से आटो सवार सात स्कूली बच्चों की मौत के बाद राजधानी पुलिस जाग गई। क्षमता से अधिक छात्र-छात्राओं को ले जाने वाले स्कूली ऑटो के विरुद्ध यातायात पुलिस ने कार्रवाई की। पुलिस का यह अभियान शहर के अलग-अलग क्षेत्रों के 20 से अधिक स्कूलों में चलाया गया।
रायपुर एसएसपी प्रशांत अग्रवाल के निर्देश पर शहर के विभिन्न स्कूलों में लापरवाही पूर्वक क्षमता से अधिक छात्र-छात्राओं को परिवहन करने वाले स्कूली ऑटो वाहनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान अभी लगातार जारी रहेगा।
यातायात पुलिस ने पालकों से अपील की है कि राजधानी रायपुर के विभिन्न स्कूलों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के पालक गण कृपया अपने बच्चों के आवागमन के साधनों पर विशेष सतर्कता बरतें। क्षमता से अधिक सवारी बैठाने वाले ऑटो में अपने बच्चों को ना भेजें बंद बॉडी के गाड़ी में ही अपने बच्चों को स्कूल भेजें।
बता दें कि कुछ दिन पूर्व ही जिला कांकेर में क्षमता से अधिक छात्र-छात्राओं को ले जाती हुई स्कूली ऑटो दुर्घटना हुई थी। जिसमें 7 छात्र छात्राओं की मौत हो गई थी। जिसे गंभीरता से लेते हुए रायपुर एसपी प्रशांत अग्रवाल ने राजधानी में चल रहे स्कूली आटो के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए।
यातायात पुलिस ने 13 फरवरी सोमवार को शहर के अलग-अलग क्षेत्रों के 20 से अधिक स्कूलों में जाकर विशेष चेकिंग अभियान चलाया। जिसमें 50 से अधिक ऑटो में क्षमता से अधिक छात्र-छात्राएं परिवहन करते पाए जाने पर मोटर यान अधिनियम के तहत चलानी कार्रवाई की गई।