रायपुर

राजधानी में निगम जल आपूर्ति के दौरान... घरों की लाईटें रहेंगी गुल... बुधवार से लागू हो गया अजीबोगरीब फैसला

रायपुर। रायपुर नगर निगम ने सुबह—सुबह लोगों की नींद हराम करने का नया तरीका निकाला है। इसके पीछे तर्क दिया जा रहा है कि सुबह और शाम नगर निगम के नलों से राजधानी के सभी इलाकों में जलापूर्ति की जाती है, इस दौरान बड़ी तादाद में लोग टुल्लु पंप के जरिए पानी खींचते हैं, जिससे दूसरे लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। इस समस्या से निजात पाने के लिए नगर निगम रायपुर ने शहरवासियों को परेशानी में डालने वाला तरीका अख्तियार कर लिया है। 

राजधानी के ज्यादातर इलाकों में पानी को लेकर भारी समस्या का सामना लोगों को करना पड़ रहा है। नगर निगम के नलों से पर्याप्त पानी लोगों के घरों में नहीं पहुंच पा रहा है। सीधा तात्पर्य यह है कि रायपुर में वॉटर लेवल काफी गिर चुका है, जिसकी वजह से पानी की समस्या से लोग जूझ रहे हैं। नगर निगम की टंकियों से दिन में दो बार पानी सप्लाई की जाती है, लेकिन बड़ी तादाद में लोग टुल्लु पंप का इस्तेमाल करते हैं, नतीजतन बाद वाले घरों में सप्लाई कम हो जाती है और जरूरत के लिहाज से भी पानी नहीं मिल पाता है। 

इस समस्या से निजात पाने के लिए नगर निगम ने ठीक उस समय, जब राजधानी में नगर निगम पानी सप्लाई करता है, घरों की बिजली को गुल करने का फैसला लिया है। नगर निगम सुबह और शाम 6 बजे पानी सप्लाई करता है। बुधवार से ठीक इसी समय बिजली गुल रखने का यह फैसला राजधानी के उन रहवासियों के लिए ज्यादा परेशानी का सबब बन रहा है, जिन्हें नगर निगम जलापूर्ति से कोई सरोकार ही नहीं है।