रायपुर

राजधानी में एक लाख लोग एक साथ गाएंगे वंदे मातरम, स्थापित करेंगे नया कीर्तिमान

रायपुर। राजधानी रायपुर के साइंस कालेज मैदान में 11 अगस्त को सुबह 7 बजे एक लाख लोग एक साथ एक सुर में राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम का गायन करेंगे। कार्यक्रम का आयोजन ओम मंडली शिवशक्ति अवतार सेवा संस्थान और वसुधैव कुटुंबकम फाउंडेशन की ओर से किया जा रहा है।

ओम मंडली शिवशक्ति अवतार सेवा संस्थान के प्रमुख ने बताया कि विगत 100 वर्षों में पहली बार राजधानी रायपुर में ऐसा आयोजन किया जा रहा है। 11 अगस्त को साइंस कालेज मैदान में एक लाख लोग एक साथ वंदे मातरम का गायन करेंगे। कार्यक्रम के माध्यम से राजधानीवासी नया कीर्तिमान स्थापित करेंगे।

उन्होंने आगे बताया कि सुबह 7 बजे रैली निकाली जाएगी। जिसमें हर समाज गुजराती, मराठी, बंगाली और छत्तीसगढ़ी समाज के लोग शामिल होंगे। झांकी में एक हजार बहनें भारतमाता का ड़्रेस पहनकर हाथ में तिरंगा लेकर मार्च करेंगी। एक हजार से अधिक बच्चे देश के महापुरुषों की पोशाक में नजर आएंगे। कार्यक्रम में 50 सदस्यों वाली छत्तीसगढ़ की पहली महिला बैंड द्वारा भी प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ बंगाली समाज की ओर से धुनुची आरती का आयोजन होगा।

कार्यक्रम स्थल में एक लाख लोगों द्वारा एक साथ ओम मंत्र का उच्चाकरण किया जाएगा। देश के वीर शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। इसके साथ छत्तीसगढ़ के राजगीत अरपा पैरी के धार का गायन भी किया जाएगा। छत्तीसगढ़ी कलाकारों द्वारा संस्कृतिक प्रस्तुति भी दी जाएगी। बच्चों द्वारा योग का प्रदर्शन और देशभक्ति गीतों पर नृत्य और शहीदों की झांकी कार्यक्रम का आकर्षण होंगे।