रायपुर

सामूहिक अवकाश पर गए सरकारी कर्मचारी... जीएडी ने लाखों कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई का जारी किया आदेश... अब आगे क्‍या..?

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकार और लाखों सरकारी कर्मचारियों के बीच टसन बढ़ने के आसार नजर आ रहे हैं। गुरुवार को सरकार ने प्रदेश के कर्मचारियों को 5 प्रतिशत डीए की सौगात दी, लेकिन सरकारी कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर सामूहिक अवकाश लेकर शासकीय कामकाज को ठप कर दिया। 

इन लाखों कर्मचारियों के सामूहिक अवकाश के खिलाफ सामान्य प्रशासन विभाग ने उचित कार्रवाई का आदेश जारी कर दिया है। इस संदर्भ में सामान्य प्रशासन विभाग से अवर सचिव अंशिका ऋणि पांडेय ने सभी विभागों के प्रमुखों को 10 अप्रैल 2006 के परिपत्र की ओर ध्यान दिलाते हुए, उसके मुताबिक कार्रवाई किए जाने की बात कही है। जिसमें 'ब्रेक इन सर्विस' का प्रावधान है। 
 

सामान्य प्रशासन विभाग के इस परिपत्र के जारी होने के बाद सामूहिक अवकाश पर गए लाखों शासकीय कर्मचारियों के संगठन नेतृत्वकर्ताओं ने इसे चुनौती के तौर पर ले लिया है। शासकीय कर्मचारी संगठन का कहना है कि सरकार यदि दमनकारी नीति और फूट डालो और राज करो की नीति अपनाती है, तो वे इसके लिए तैयार हैं। 

संगठन का यह भी कहना है कि सरकार को इस बात की जानकारी पहले ही दी गई थी, इसके बाद भी यदि कार्रवाई की जाती है, तो प्रदेश के लाखों कर्मचारी जो 1 अगस्त से सामूहिक हड़ताल करने वाले थे, वे अब 15 जुलाई से आंदोलन करने की तैयारी में जुट जाएंगे।