दो दिनों के बाद मानसून फिर सक्रिय होने के आसार... इस बीच जारी रहेगा धूप—छांव का खेल... उमस करेगा बेहाल
2023-07-13 04:28 PM
233
छत्तीसगढ़ में 6 दिनों तक मानसून पर ब्रेक लगने के बाद फिर से बारिश की संभावना जताई गई है। प्रदेश के कुछ जिलों में पिछले तीन दिनों से उमस वाली गर्मी से अब राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग ने राजनांदगांव, कांकेर, नारायणपुर, बीजापुर में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि प्रदेश के बाकी हिस्सों में 16 जुलाई से अच्छी बारिश के आसार हैं।
मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने बताया कि पश्चिमी हवाएं लगातार पर्याप्त गहराई से आ रही हैं और बादल बन रहे हैं, जिससे प्रदेश में बारिश हो रही है। मौसम विभाग के मुताबिक गौरेला पेंड्रा मरवाही, बिलासपुर, कोंडागांव, दंतेवाड़ा, बस्तर में आने वाले 24 घंटों के दौरान बारिश हो सकती है। आज कोरिया, गौरला पेंड्रा मरवाही, बिलासपुर, मुंगेली, कबीरधाम, कांकेर, कोंडागांव, नारायणपुर, बीजापुर, सुकमा, दंतेवाड़ा, बस्तर में बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक मानसून द्रोणिका मध्य समुद्र तल पर बीकानेर, ग्वालियर, सीधी, गया, बालुरघाट और उसके बाद उत्तर-पूर्व की और अरुणाचल प्रदेश तक स्थित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण उत्तर तटीय आंध्र प्रदेश के ऊपर 311 किलोमीटर ऊंचाई पर स्थित है। प्रदेश में आज कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश होने या फिर गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।
मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा के मुताबिक प्रदेश में 16 जुलाई से वर्षा की गतिविधि बढ़ने की संभावना है। जो बस्तर संभाग से शुरू होते हुए प्रदेश के बाकी हिस्सों में बढ़ेगी और पश्चिमी विक्षोभ से परिवर्तन आएगा।