भूपेश कैबिनेट की अहम बैठक आज... नियमितीकरण पर बड़े फैसले के आसार... कई बड़ी घोषणाओं पर मुहर की संभावना
2023-08-07 10:07 AM
559
रायपुर। स्वतंत्रता दिवस की नजदीकी को देखते हुए छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने आज कैबिनेट की अहम बैठक बुलाई है। मुख्यमंत्री सचिवालय में सोमवार 11.15 बजे यह बैठक निर्धारित की गई है। सूत्रों के हवाले से मिल रही जानकारी के मुताबिक आज होने वाली इस बैठक में करीब 10 अहम प्रस्तावों पर मुहर लगने की संभावना है।
भूपेश कैबिनेट की आज होने वाली बैठक में जिन मसलों को लेकर विचार होना है, उसमें प्रदेश में कृषि की स्थिति, खाद-बीज की उपलब्धता के अलावा आजादी की 76वीं वर्षगांठ पर किए जाने वाले घोषणाओं पर भी मुहर लगने की संभावना है।
गौरतलब है कि प्रदेश में लाखों कर्मचारी अब भी नियमितीकरण की बाट जोह रहे हैं, तो महाविद्यालयों में सेवाएं देने वाले हजारों अतिथि व्याख्याता असुरक्षित भविष्य को लेकर लगातार सरकार से सुरक्षा की व्यवस्था की मांग कर रहे हैं। कई मसले हाईकोर्ट में विचाराधीन हैं और सरकार के फैसले का इंतजार हो रहा है। ऐसे में प्रबल संभावना है कि आने वाले स्वतंत्रता दिवस के मौके पर सरकार बड़ी सौगात की घोषणा कर सकती है।