रायपुर

राजधानी में टमाटर की कीमतों में... अचानक आई गिरावट... अब इस कीमत पर रायपुर में बिक रहा टमाटर

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आसमान छू रही टमाटर की कीमतों में बुधवार शाम से अचानक गिरावट आ गई है। बीते करीब दो महीने से 160 रुपए तक बिक रहा टमाटर बुधवार को राजधानी के बाजारों में 80 से 90 रुपए किलो बिक रहा है। फुटकर विक्रेताओं का कहना है कि मंडी में टमाटर की आवक में सुधार आई है, जिसकी वजह से कीमतों में कमी आई है। 

उल्लेखनीय है कि बीते करीब दो माह से प्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश में टमाटर की कीमतों में अचानक उछाल आया था, जिसके बाद लोगों की रसोई से टमाटर ही नदारद हो गया, तो लोगों का जायका भी बिगड़ गया था। इतना ही नहीं, महंगे हुए टमाटर की वजह से लोगों का बजट भी बुरी तरह से चरमरा गया है। 

बुधवार शाम राजधानी के ज्यादातर बाजारों में टमाटर की आवक में सुधार की वजह से स्टॉक भी नजर आया, तो कीमतें एकदम से आधी हो गईं। सब्जी विक्रेता भानु जायसवाल ने बताया कि बुधवार सुबह जब मंडी खुली, तो जितनी कीमत पर उन्हें दो पेटियां टमाटर मिल रही थी, उतने में पांच पेटी टमाटर मिला। इस वजह से फुटकर बाजार में कीमतें आधी हो गईं है, इससे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद की जा सकती है। 

वहीं सब्जी बाजार में खरीदारी के लिए आए लोगों का कहना है कि दो माह से टमाटर के बिना रसोई में सुनापन आ गया था, सलाद में टेस्ट नहीं आ रहा था, लेकिन टमाटर की कीमत आधी होने के बाद थोड़ी राहत महसूस हो रही है। उम्मीद की जा सकती है कि आने वाले दिनों में टमाटर की कीमत सामान्य हो जाएगी और एक बार फिर रसोई में टमाटर नजर आएगा।