पुलिस के दावों को पलीता लगाते... राजधानी में फिर हुई चाकूबाजी... जान से मारने की फिराक में थे, आरोपी फरार
2023-08-11 11:57 AM
376
रायपुर। राजधानी पुलिस शहर में अपराध में कमी आने का दावा करती रहती है, लेकिन उनके इन दावों पर बीती रात एक बार फिर पलीता लग गया है। गुरुवार रात जय स्तंभ चौक स्थित मल्टी लेवल पार्किंग कॉम्प्लेक्स के पिछले हिस्से में एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला किया गया। जिस तरह से युवक को चाकू गोदा गया है, आरोपी की नीयत जान लेने की थी।
जानकारी के मुताबिक बीती रात चाकूबाजी की वारदात में संतोषी नगर निवासी प्रशांत महानंद बुरी तरह घायल हुआ है। प्रशांत अपने कुछ साथियों के साथ आया था, तभी आसपास के ही कुछ बदमाश किस्म के युवकों से उसकी बहस हो गई। इतने में एक आरोपी ने अपनी कमर में फंसे चाकू को निकाला और तेजी से प्रशांत की पीठ पर घोंप दिया।
मिल रही जानकारी के मुताबिक उसने लगातार 4 से 5 बार प्रशांत की पीठ पर चाकू से वार किया। गर्दन पर हमले की कोशिश थी, लेकिन प्रशांत रोकने में कामयाब हो गया। इस दौरान आस-पास मौजूद दुकानदारों की भीड़ ये सब कुछ देखती रही, पर खौफ की वजह से कोई भी बीच बचाव के लिए नहीं आया। प्रशांत के गिरते ही आरोपी फरार हो गया, तब जाकर लोगों ने पुलिस को वारदात की सूचना दी और फिर उसे अस्पताल दाखिल किया गया।
वारदात के बाद पहुंची पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरु कर दी है, फिलहाल सामने आई जानकारी के मुताबिक आरोपी उसी इलाके का है। लेकिन उसकी सही जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस सीसीटीवी के जरिए आरोपी की शिनाख्त और उस तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।