रायपुर

राजधानी में एबीवीपी ने निकाली विशाल ​'तिरंगा यात्रा'... जोश और उत्साह का दिखा संगम... देशभक्ति में डूबे देश के भविष्य

रायपुर। मंगलवार को देशभर में स्वतंत्रता दिवस की 76 वीं वर्षगांठ मनाए जाने की तैयारी जोरों पर है। भारत में यह अमृतकाल का समय चल रहा है। इस बीच एक दिन पहले राजधानी में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने शानदार अंदाज में 'तिरंगा यात्रा' निकालकर लोगों को आकर्षित किया। 

यह तिरंगा यात्रा मंगलवार को डंगनिया स्थित सरस्वती स्कूल से प्रारंभ होकर लाखेनगर चौक पर समाप्त हुई। 200 मीटर लंबे तिरंगा को विभिन्न स्कूल के बच्चों ने हाथ में थामे रखा और जोश से भरे ये विद्यार्थी भारत माता की जय का जयकारा लगाते आगे बढ़ते रहे। 
 

इस तिरंगा यात्रा में सरस्वती शिशु मंदिर के अलावा डंगनिया क्षेत्र में संचालित विभिन्न स्कूलों के बच्चे, जो अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सदस्य और पदाधिकारी हैं, उन्होंने भारत की आन—बान—शान तिरंगे को पूरे सम्मान के साथ हाथों में थामे रखा और क्रमबद्ध तरीके से चलते नजर आए।
 
 

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद दक्षिण भाग के अध्यक्ष आशीष सिन्‍हा ने बताया कि हमारा देश आजादी का अमृत महोत्सव मना रहा है। हमारी आजादी को 76 वर्ष पूरे हो रहे हैं और हम 77 वें वर्ष में प्रवेश कर रहे हैं। यह भारतवर्ष के लिए गौरव की बात है। आशीष ने कहा कि इस आजादी के लिए जिन वीरों ने अपना बलिदान दिया है, वास्तव में तिरंगा यात्रा उनके प्रति हमारी श्रद्धांजलि और सम्मान है।