रायपुर

पीएम मोदी का दौरा टला... शाह, खड़गे और वेणुगोपाल के अलावा... राहुल के दौरे की संभावना

रायपुर। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनावी रणभेरी बजने में अब ज्यादा वक्त नहीं बच गया है। भारत निर्वाचन आयोग ने नए सरकार के गठन की तारीख तय कर दी है, लिहाजा सितम्बर के दूसरे सप्ताह में अधिसूचना जारी कर दी जाए, तो आश्चर्य नहीं होगा। 

चुनावी काल और राजनीतिक हालात पर कांग्रेस और भाजपा दोनों की ही नजर गड़ी हुई है, जिसकी वजह से राष्ट्रीय नेताओं के आवागमन की रफ्तार भी देखने को मिल रही है। छत्तीसगढ़ में दोनों ही दलों के शीर्ष नेता अपने राष्ट्रीय नेताओं के दौरे को लेकर उत्साहित हैं। तो वहीं समीकरण के​ हिसाब से कार्यक्रम भी तय किए जा रहे हैं। 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का छत्तीसगढ़ दौरा फिलहाल टल गया है, लेकिन केंद्रीय गृहमंत्री एक बार फिर छत्तीसगढ़ के दौरे पर आने वाले हैं। खबर के मुताबिक 20 अगस्त को केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह रायपुर दौरे पर रहेंगे। जबकि 26 अगस्त को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का महासमुंद दौरा प्रस्तावित है। इसी तरह 2 सितंबर को राहुल गांधी और 19 सितम्बर को केसी वेणुगोपाल का छत्तीसगढ़ दौरा होने वाला है।

प्रदेश में सभी विधानसभा क्षेत्र और वर्ग को साधने के लिए राजनीतिक पार्टियों की तैयारी जोर-शोर से चल रही है। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह 20 अगस्त को राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज ग्राउंड में जनजातीय मंत्रालय की ओर से आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। शाह इस दिन बीजेपी के नेताओं के साथ पार्टी की चुनावी तैयारियों की समीक्षा भी कर सकते हैं।

खड़गे का एक महीने में दूसरा दौरा

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे का 26 अगस्त को महासमुंद जिले के दौरे पर आ सकते हैं,अगस्त माह में इनका ये दूसरा दौरा होगा। इससे पहले खड़गे प्रदेश के अनुसूचित जाति बाहुल्य जांजगीर-चांपा जिले में सरकार की ओर से आयोजित भरोसे का सम्मेलन में शामिल हुए थे। मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और केसी वेणुगोपाल के दौरे को लेकर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बताया कि राजीव गांधी किसान न्याय योजना और भूमिहीन श्रमिक न्याय योजना की राशि वितरण का कार्यक्रम महासमुंद में आयोजित किया जाएगा।