रायपुर

राजधानी में मेहरबान हुई बरखारानी... बीते एक घंटे से मूसलाधार बारिश... उमस से मिलेगी राहत

रायपुर। राजधानी में लंबे इंतजार के बाद बरखारानी की मेहरबानी नसीब हुई है। शाम करीब साढ़े 5 बजे उमड़ते—घुमड़ते बादलों ने हल्की बौछार की, जिसके बाद रफ्तार बढ़ती ही चली गई और एक घंटे से ज्यादा वक्त हो चुके है, जब राजधानी में मूसलाधार बारिश हो रही है। राहत की इस बारिश का इंतजार राजधानी के लोगों को काफी दिनों से था। 

घंटेभर से ज्यादा समय से हो रही इस बारिश के बाद उमस भरी बेचैनी से राहत की उम्मीद की जा रही है। वहीं मौसम विभाग की मानें तो अगले दो दिनों तक ना केवल राजधानी, बल्कि प्रदेश के कई हिस्सों में जोरदार बारिश की संभावना है। 

मौसम विभाग के मुताबिक यदि लगातार बारिश होती है, तो निश्चित ही इस उमस भरी बेचैनी से प्रदेश के लोगों को राहत मिल जाएगी। वहीं किसानों को भी खेती से सता रही चिंता दूर हो सकती है। 

रिपोर्ट के मुताबिक प्रदेश के कई हिस्सों में खेती—किसानी के अनुकूल बारिश नहीं होने की वजह से किसानों के माथे पर अभी से बल पड़ने लगा है, लेकिन आने वाले दिनों में अच्छी बारिश की संभावना से किसानों की चिंता दूर होने की भी संभावना है।