रायपुर

सीएम भूपेश ने पाटन से ही ठोंकी ताल... 'कका—भतीजा' के बीच रस्सी खींच तय... प्रदेशभर की रहेगी निगाह

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 के लिए भाजपा ने जहां 21 प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी है, तो कांग्रेस में टिकट के लिए प्रक्रिया अपनाई जा रही है। भाजपा ने छत्तीसगढ़ की सबसे हॉट सीट के तौर पर पाटन को रखा है और यहां से प्रत्याशी के तौर पर सांसद विजय बघेल के नाम पर अंतिम मुहर लग गई है। 

इधर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी प्रक्रिया के तहत पाटन के ब्लॉक अध्यक्ष को आवेदन दे दिया है, जिसके बाद अन्य नामों का पैनल तैयार कर जिला को और फिर प्रदेश चुनाव समिति के पास आएगा। इसके बाद ही प्रत्याशी का नाम फाइनल होगा। 

अब कांग्रेस से पाटन विधानसभा क्षेत्र के लिए मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने जब दावेदारी कर ही दी है, तो अन्य नामों को लेकर कयास भी नहीं लगाए जा रहे हैं, लिहाजा माना जा रहा है कि पाटन विधानसभा क्षेत्र से 'कका और भतीजा' के बीच की जंग देखने को मिलेगी। 

बता दें कि मुख्यमंत्री भूपेश बघेल बीते लगातार दो चुनाव (2013 और 2018) जीतकर आए हैं, हालांकि इससे पहले साल 2008 के चुनाव में उन्हें विजय बघेल ने हरा दिया था। लेकिन इस बार सांसद विजय बघेल और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है।