CG POLITICS : कांग्रेस से टिकट के लिए दावेदारी का वक्त समाप्त... 90 सीटों के लिए 2 हजार से ज्यादा आवेदन... तैयार होगा पैनल
2023-08-24 01:08 PM
476
रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस से दावेदारी का समय अब समाप्त हो चुका है। कांग्रेस ने 22 अगस्त तक का समय दिया था। इस बीच 90 विधानसभा सीटों के लिए दो हजार से ज्यादा लोगों ने दावेदारी कर दी है। ब्लॉक अध्यक्षों को मिले आवेदन पर अब छटनी और पैनल बनाने का काम शुरु किया जाएगा, जिसे जिला कांग्रेस कमेटी के हवाले किया जाएगा।
छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव की रणभेरी बजने में अब ज्यादा वक्त नहीं बचा है। इस चुनावी दंगल में भाजपा ने पहले ही 21 सीटों पर नामों का ऐलान कर दिया है। शेष 69 सीटों के लिए भाजपा सही प्रत्याशी की तलाश में माथापच्ची कर रही है। इससे अलग कांग्रेस में माथापच्ची का दौर अब जाकर शुरु होगा, क्योंकि जिस बड़ी तादाद में आवेदन मिले हैं, उसमें से केवल पांच नामों का पैनल बनाकर डीसीसी के हवाले किया जाना है।
मिल रही जानकारी के अनुसार आज से रायपुर के ब्लॉक कांग्रेस कमेटी में बैठकों का दौर शुरु होने जा रहा है। जिसमें कांग्रेस के दावेदारों के नामों पर चर्चा की जाएगी। ब्लॉक से 5 नामों का पैनल DCC को आएगा। वहीं आंकड़े बता रहे हैं कि इस बार कांग्रेस के सामने अपने ही घर में चुनौती है। 90 विधानसभा सीटों पर 2000 से अधिक दावेदार ताल ठोक चुके हैं।
सिर्फ मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की पाटन सीट और कुछ गिनी चुनी सीटें छोड़ दें तो क्या डिप्टी सीएम और क्या कैबिनेट मंत्री, हर एक सीट पर दावेदारों की फौज खड़ी हो गई है। डिप्टी सीएम सिंहदेव की सीट से गुरप्रीत बाबरा ने दावेदारी पेश की तो सबसे ज्यादा उम्मीदवार राजधानी रायपुर की सीटों पर दमखम दिखा रहे हैं।