जनपद सम्मेलन में होगी संस्कृत पर चर्चा... जुटेंगे कई क्षेत्रों से जुड़े संस्कृत के जानकार
रायपुर। संस्कृत भाषा को समृद्ध करने की दिशा में काम कर रही संस्कृत भारती संगठन की छत्तीसगढ़ इकाई द्वारा 27 अगस्त को राजधानी में जनपद सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का आयोजन वीआईपी रोड स्थित श्रीराम मंदिर में सुबह 10 से किया जाएगा। कार्यक्रम में कई क्षेत्रों से जुड़े संस्कृत के जानकर के विद्वान जुटेंगे। जो संस्कृत को समृद्ध बनाने पर चर्चा करेंगे और अपने विचार रखेंगे।
संस्कृत भारती रायपुर महानगर मंत्री और सहायक प्राध्यापक डा. वैभव वसंत कान्हे ने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डा. विजय़ कुमार मेनन कुलपति महर्षि पाणिनि वैदिक संस्कृत विश्वविद्यालय उज्जैन मप्र है। वहीं अध्यक्षता डा. सत्येंद्र सिंह सेंगर पूर्व कुलपति इंदिरा गांधी कृषि विवि रायपुर करेंगे। सम्मेलन में मुख्य वक्ता संस्कृत भारती छत्तीसगढ़ प्रांत मंत्री डा. दादूभाई त्रिपाठी होंगे।
कान्हे ने आगे बताया कि संस्कृत भारती संगठन पूरे विश्व के 26 देशों में विगत 42 वर्षों से संस्कृत का प्रचार प्रसार कर रही है। भारत सरकार ने 1969 में श्रावणी पूर्णिमा के दिन को संस्कृत दिवस के रुप में घोषित किया। वर्ष 2002 से इसे संस्कृत सप्ताह के रूप में आयोजित किया जाने लगा। कार्यक्रम की तैयारी में डा लक्ष्मीकांत पंडा, डा. बहुरण सिंह पटेल, प्रवीण झाड़ी और पारस कुमार साहू जुटे हुए है।