सीईसी राजीव कुमार और राज्य मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबा साहेब ने... दीपदान कर मतदान के लिए जलाई अलख
2023-08-26 10:17 AM
442
मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार की अगुआई में भारत निर्वाचन आयोग का दल छत्तीसगढ़ में आगामी विधानसभा निर्वाचन के लिए की जा रही प्रारंभिक तैयारियों की समीक्षा के लिए आया हुआ है। मुख्य निर्वाचन आयुक्त कुमार ने निर्वाचन आयुक्त अनूप चन्द्र पांडेय और अरुण गोयल के साथ बूढ़ा तालाब विवेकानंद सरोवर परिसर में आयोजित मतदाता महोत्सव में शिरकत की। उनके साथ निर्वाचन आयोग के आयुक्त अनूप चन्द्र पांडेय और अरुण गोयल तथा अन्य सदस्यों सहित राज्य की मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुश्री रीना बाबा साहब कंगाले ने बूढ़ा तालाब में दीप दान कर मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित किया।
सीईसी कुमार और राज्य की मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी सुश्री कंगाले ने अधिक से अधिक लोगों से दीप दान के साथ मतदान करने का संकल्प लेने की अपील की। महोत्सव में भारत निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं को मतदान का महत्व भी बताया। सुश्री रीना बाबा साहब कंगाले ने मतदाता महोत्सव के बारे में जानकारी दी। उन्होंने राज्य चल रहे मतदान और निर्वाचन संबंधी जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी भी दी। कलेक्टर डॉ. सर्वेश्वर भुरे ने भारत निर्वाचन आयोग का आभार प्रदर्शन किया और आश्वस्त किया कि आयोग द्वारा निर्धारित नियमों, प्रक्रियाओं और मापदण्डों के अनुसार ही राज्य में विधानसभा निर्वाचन सम्पन्न कराया जाएगा।
सीईसी श्री कुमार ने महोत्सव में मतदान के लिए लोगों को जागरूक करने का संदेश देने वाली फोटो प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। इस प्रदर्शनी में राज्य में मतदान और मतदान प्रक्रिया से लोगों को अवगत कराने अब तक किए गए प्रयासों का प्रदर्शन किया गया है। राज्य में विशेषतः अनुसूचित जनजाति बाहुल्य क्षेत्रों में मतदान सुनिश्चित करने के लिए किए गए उपायों और निर्वाचन-दर-निर्वाचन आये सकारात्मक परिणामों का भी प्रदर्शन किया गया।
राजीव कुमार ने मतदाता महोत्सव के दौरान मतदान प्रतिशत बढ़ने और निर्वाचन प्रक्रिया के सहज- सरल तरीके से पूरे होने में राज्य की महिला मतदाताओं की सहभागिता प्रदर्शित करती हुई पुस्तक ’’शक्ति’’ का भी विमोचन किया। उन्होंने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अनुशंसित गीत ’’मैं भारत हूं’’ के छत्तीसगढ़ी अनुवाद का भी विमोचन किया। महोत्सव में नये युवा मतदाताओं, विशेष पिछड़ी जनजातियों के मतदाताओं को इपिक कार्ड का वितरण भी किया गया।
मतदाता महोत्सव के दौरान राज्य के पांचों संभागों से चयनित पांच श्रेष्ठ बीएलओ का भी सम्मान किया गया। इन बूथ स्तरीय अधिकारियों ने मतदाता सूची पुनरीक्षण के काम में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है। इसके साथ ही मतदाता सूचियों में वर्तमान पतें पर नाम जोड़ने और पूर्व पते से नाम कटवाने का संदेश देने के लिए पांच नव विवाहित वधुओं को भी महोत्सव में सीईसी ने इपिक कार्ड प्रदान किए।