रायपुर

छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की पहली से पहले... भाजपा की आ सकती है दूसरी लिस्ट... तेज हुई सरगर्मी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में 'सत्ता का संग्राम' भाजपा प्रत्याशियों की पहली सूची के साथ ही तेज हो गया है। भाजपा ने प्रदेश के 21 सीटों के लिए प्रत्याशियों के नामों की घोषणा करते हुए कांग्रेस खेमे में खलबली मचा दी है। वहीं कांग्रेस ने अपने कैंडिडेट्स को लेकर पहला चरण पूरा कर लिया है और अब जिला कांग्रेस कमेटी में नामों के पैनल बनाने की प्रक्रिया जारी है। 

सूत्रों के मुताबिक भाजपा इस चुनाव में अपने प्रत्याशियों को प्रचार—प्रसार के लिए भरपूर समय देना चाह रही है, लिहाजा नामों की घोषणा में भी समय नहीं लगाना चाह रही है, बल्कि पार्टी ने उन नामों पर मुहर लगाना शुरु कर दिया है, जिन्हें चुनावी जंग में उतारना है। पहली सूची में 21 नामों की घोषणा के बाद अब बताया जा रहा है कि रविवार को चुनाव समिति की बैठक के बाद भाजपा मंगलवार तक यानी 29 अगस्त तक दूसरी सूची भी जारी कर सकती है, जिसमें 23 विधानसभा सीटों के प्रत्याशी शामिल हो सकते हैं। 

कांग्रेस प्रत्याशियों के नामों की घोषणा की बात की जाए, तो प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कुमारी शैलजा ने बताया था कि 2 सितम्बर को राहुल गांधी का दौरा होगा, जिसके बाद अजय माकन की मौजूदगी में 3—3 नामों के पैनल पर चर्चा होगी। इसके बाद 6 सितम्बर को पहली सूची आ सकती है। चर्चाओं की बात करें, तो कांग्रेस की पहली सूची में 45 विधानसभाओं के लिए प्रत्याशियों की घोषणा हो सकती है।