रायपुर

युवा शक्ति के महाकुंभ में उत्साह से भरे युवाओं ने किया राहुल गांधी का अभिवादन

रायपुर। नवा रायपुर स्थित मेला ग्राउंड में आयोजित ‘‘राजीव युवा मितान सम्मेलन’’ में शामिल होकर सांसद राहुल गांधी ने युवाओं में जोश भर दिया। सांसद राहुल गांधी के राजीव युवा मितान सम्मेलन में पहुंचते  ही मंच पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने उनका स्वागत किया। छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र में माल्यार्पण तथा राजगीत अरपा पैरी की धार के साथ कार्यक्रम की शुरूआत की गई।

युवा ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने तथा गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ के संकल्प को पूरा करने में उनका सहयोग लेने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने यह योजना आरंभ की। अब तक 13 हजार 242 राजीव युवा मितान क्लब गठित किये जा चुके हैं। रचनात्मक कार्यों के लिए इन क्लबों को अब तक 132 करोड़ रुपए की राशि दी जा चुकी है। इनके माध्यम से क्लब के सदस्य सांस्कृतिक, खेलकूद के कार्यक्रमों के साथ ही जनजागरण के कार्यक्रमों के माध्यम से बड़े पैमाने पर रचनात्मक कार्य कर रहे हैं। अब तक ऐसे 2 लाख आयोजन क्लब द्वारा हो चुके हैं। रचनात्मक कार्यों में निरंतर लगे यह युवा आज राजीव युवा मितान सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचे।

बतादें कि राजीव युवा मितान क्लब के माध्यम से सवा तीन लाख से अधिक युवा छत्तीसगढ़ में रचनात्मक गतिविधियों का कार्य कर रहे हैं। इनकी कड़ी मेहनत से गढ़बो नवा छत्तीसगढ़ का संकल्प पूरा करने की दिशा में तेज प्रगति हो रही है। आज सांसद श्री राहुल गांधी इन युवाओं की हौसला अफजाई करने राजधानी आये हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल ने कहा कि आज छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए कोई कार्य ऐसा नहीं है जो वो नहीं कर सकते। छत्तीसगढ़ सरकार ने अपना हर किया हुआ वादा निभाया। राजीव युवा मितान क्लब के जरिए आज युवाओं को सामाजिक, सांस्कृतिक कार्यों से जोड़ा गया है। आज हर युवा प्रदेश के विकास में अपना योगदान दे रहा है।

सांसद दीपक बैज ने कहा कि आज हम सबके लिए गौरव का दिन है। आज सांसद राहुल गांधी युवाओं का मार्गदर्शन और उनमें जोश भरने के लिए यहां आए हैं। राजीव युवा मितान क्लब से जुड़कर छत्तीसगढ़ के युवा यहां की संस्कृति, परंपराओं और सरकार की जनहितकारी योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का काम कर रहे हैं। आज सरगुजा से बस्तर तक विकास की धारा बह रही है।

इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा, छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष डॉ चरणदास महंत, उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, पंचायत मंत्री रविन्द्र चौबे, उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल, संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत, सांसद दीपक बैज, सीएसआईडीसी के अध्यक्ष नंदकुमार साय उपस्थित हैं।