रायपुर

तीन व्यक्तियों के कब्जे से 68.44 लाख की नगदी जब्त... वाहन चेकिंग के दौरान चढ़े पुलिस के हत्थे

रायपुर। राजधानी पुलिस ने रूटीन वाहन चेकिंग के दौरान चारपहिया वाहन में सवार तीन व्यक्तियों के पास से तीन अलग-अलग बैग में 68.44 लाख रुपये जब्त किया। पुलिस ने घटना की जानकारी आयकर विभाग को दे दी है। गिरफ्तार तीनों व्यक्ति में दो रायपुर और एक राजनांदगांव का निवासी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अपराधों की रोकथाम, आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था को लेकर शहर के भीतर आने वाले संदिग्ध व्यक्तियों सहित संदिग्ध वाहनों की लगातार चेकिंग की जा रही है। थाना गंज क्षेत्रांतर्गत तेलघानी नाका पास एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना गंज पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा वाहनों की चेकिंग की जा रही थी।

इसी दौरान एक चारपहिया वाहन जिसमें तीन व्यक्ति सवार थे को रोककर चेक किया गया। चेकिंग के दौरान वाहन में बैग रखे हुए थे जिन्हें खोलकर देखने पर बैग में नगदी रकम तथा नोट गिनने की मशीन रखा होना पाया गया। पूछताछ में व्यक्तियों ने अपना नाम अनुप माखीजा, मनोज मंत्री तथा रितेश नागदिया होना बताया। टीम के सदस्यों द्वारा नगदी रकम के संबंध में पूछताछ करने व वैध दस्तावेज की मांग करने पर उनके द्वारा नगदी रकम के संबंध में किसी प्रकार का कोई दस्तावेज प्रस्तुत न कर टीम के सदस्यों को लगातार गुमराह किया जा रहा था।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार व्यक्ति में अनुप माखीजा पिता स्व. अर्जुन दास माखीजा उम्र 35 साल निवासी कृष्णापुरी एफ रोड देवपुरी थाना टिकरापारा रायपुर, मनोज मंत्री पिता इंदरचंद मंत्री उम्र 51 साल निवसी सोलस हाईट्स फ्लैट नं. बी 502 अमलीडीह थाना न्यू राजेन्द्र नगर रायपुर और रितेश नागदिया पिता विजय भाई नागदिया उम्र 36 साल निवासी कंचन बाग गुजराती सोसायटी थाना कोतवाली जिला राजनांदगांव शामिल है।