रायपुर

छत्तीसगढ़ में फिर सक्रिय होगा मानसून... दो दिनों तक झमाझम बारिश के आसार... जारी किया गया येलो अलर्ट

रायपुर। प्रदेश में आने वाले दो दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा, जिसकी वजह से प्रदेश के अधिकांश जिलों में झमाझम बारिश देखने को मिलेगी। रायपुर मौसम विभाग ने आज के लिए पूरे छत्तीसगढ़ में येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की माने तो इन जिलों में मानसून की बारिश होगी।

मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, मानसून द्रौणिका का पश्चिमी छोर हिमालय की तराई में बना हुआ है जबकि पूर्वी कोर निजामाबाद, लखनऊ, सतना, रायपुर और उसके बाद दक्षिण-पूर्व की ओर पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक माध्य समुद्र तल पर स्थित हैं।

एक निम्न दाब का क्षेत्र उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तथा दक्षिण ओड़ीशा और उत्तर आंध्रप्रदेश और उसके आसपास 7.6 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके अगले 24 घंटे में दक्षिण ओडीशा होते हुए दक्षिण छत्तीसगढ़ की और आगे बढ़ने की संभावना है। 

एक द्रोणिका उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर निम्न दाब के क्षेत्र से ओड़िशा तथा छत्तीसगढ़ होते हुए दक्षिण पूर्व उत्तर प्रदेश तक 3.1 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। गुरुवार को प्रदेश के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। गरज चमक के साथ-साथ भारी वर्षा होने की उम्मीद है।

अगले 24 घंटों के दौरान, ओडिशा, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तरी महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों, उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों और केरल में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश संभव है।