रायपुर

रायपेक्स-2023: डाक टिकटों का विशाल संग्रह एक छत के नीचे.... 75 सालों के टिकटों के विशाल संग्रह को सराह रहे लोग

रायपुर। राजधानी रायपुर में एक ही छत के नीचे डाक टिकटों का विशाल संग्रह राजधानीवासियों को लुभा रहा है। आजादी से अब तक यानी करीब 75 सालों के डाक टिकटों का संग्रह एक ही छत के नीचे सालेम स्कूल में लगाई गई है। इस प्रदर्शनी में कई पूर्व कलेक्टर, बड़े अधिकारी, प्रोफेसर के साथ महाराष्ट्र मंडळ के सदस्य विजय लाड और कुमुद लाड ने भी अपनी सहभागिता निभाई है।

विजय लाड ने बताया कि उन्होंने अपने 75 वर्षों के संग्रह में से विशिष्ट डाक टिकट प्रदर्शनी में रखे है। वहीं कुमुद लाड उपयोग में लाई गई पुरानी डाक टिकटों से बने पोस्टर को प्रदर्शनी में लगाया है। प्रवर अधीक्षक डाकघर रायपुर संभाग बीएल जांगडे ने बताया कि इस दो दिवसीय आयोजन के प्रथम दिन की शुरूआत सुबह 11 बजे संस्कृति विभाग के सचिव आईएएस अन्बलगन पी ने की। उन्होंने इस आयोजन  लेकर कहा कि ऐसे आयोजनों में बच्चों को जरूर आना चाहिए। ताकि बच्चे डाक टिकटों के महत्व को जान सकें।   

मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल वीना श्रीनिवास ने कहा कि आज के समय में ऐसी प्रदर्शनी में आकर मन को शांति मिलती है। यह उन समयों की यादें है जब जीवन में इतना भागमभाग नहीं हुआ करता था।  स्कूली बच्चों के साथ उनके अभिभावकों को भी इस प्रदर्शनी में आना चाहिए।

प्रवर अधीक्षक डाकघर रायपुर संभाग बीएल जांगडे ने आगे बताया कि प्रदर्शनी का समापन 12 सितंबर को होगा। समापन अवसर के मुख्य अतिथि रायपुर एसएसपी प्रशांत अग्रवाल होंगे। अध्यक्षता मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल रायपुर करेगी और विशेष अतिथि के रुप में निदेशक डाक सेवाएं छग परिमंडल रायपुर के दिनेश कुमार मिस्त्री करेंगे।