रायपुर

महादेव सट्टा एपः ईडी ने कोर्ट में पेश किया 9 हजार पन्नों की चार्जशीट, 6 हजार करोड़ के मामले में 14 लोग बनाए गए आरोपी

रायपुर। महादेव सट्टा एप को लेकर ED ने 14 आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट पेश की है। ईडी ने कोर्ट में प्रकरण को 6 हजार करोड़ रुपये का बताया है। ईडी ने कोर्ट को यह भी बताया कि प्रारंभिक तौर पर 41 करोड़ की संपत्ति अटैच की गई है। ईडी ने अदालत में 9,084 पन्नों का परिवाद पेश किया है, जिसमें अपराधिक परिवाद 197 पन्नों और इससे संबंधित दस्तावेज 8,887 पन्नों का है।

ईडी ने सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल, विकास छापरिया, चंद्रभूषण वर्मा, सतीश चंद्राकर, अनिल धमानी, सुनील धमानी, विशाल आहूजा, धीरज आहूजा, सृजन, पूनाराम वर्मा, शिव कुमार वर्मा, यशोदा वर्मा और पवन नत्थानी अपराधिक परिवाद में आरोपी बनाया है।  इनमें चंद्रभूषण वर्मा, सतीश चंद्राकर, अनिल धमानी और सुनील धमानी इसी मामले में न्यायिक हिरासत में केंद्रीय जेल में बंद हैं। अब इस मामले की अगली सुनवाई 25 नवंबर को होगी।

ईडी के विशेष लोक अभियोजक डॉ. सौरभ कुमार पांडेय ने बताया, चार्जशीट विशेष न्यायाधीश अजय सिंह राजपूत की कोर्ट में पेश किया गया है। नियमों के अंतर्गत इस मामले में गिरफ्तार 4 आरोपियों के खिलाफ गिरफ्तारी के 60 दिन के भीतर चालान पेश किया जाना अनिवार्य है। मामले की विवेचना जारी है। विवेचना के अनुरूप पृथक से परिवाद पेश होगा। जांच में 6 हजार करोड़ के घोटाले का आरोप है। कोर्ट को 41 करोड़ रुपये की प्रॉपर्टी सीज की जानकारी दी गई।