रंगारंग सांस्कृतिक नृत्य, मेंहदी, रंगोली, चित्रकला के जरिए मतदाताओं को किया जागरूक
रायपुर। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा छत्तीसगढ़ के आगामी निर्वाचन 2023 के लिए नियुक्त विशेष सामान्य प्रेक्षक धर्मेन्द्र एस गंगवार, विशेष पुलिस प्रेक्षक अनिल कुमार शर्मा, विशेष व्यय प्रेक्षक राजेश टुटेजा, मुख्य चुनाव अधिकारी रीना बाबा साहेब कंगाले, आईजी एवं नोडल अधिकारी सीआरपीएफ साकेत कुमार सिंह मतदाता जागरूकता हेतु कोंडागांव जिला मुख्यालय स्थित विकासनगर स्टेडियम में आयोजित स्वीप कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस अवसर पर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी रीना बाबा साहेब कंगाले ने स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन के लिए सभी को शपथ दिलाई। सभी ने निर्भीक होकर धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना निर्वाचन में अपने मताधिकार का प्रयोग करने की शपथ ली।
कार्यक्रम में सभी प्रेक्षक शत-प्रतिशत मतदान अभियान के तहत हस्ताक्षर अभियान में शामिल हुए और सभी को 7 नवम्बर को मतदान करने की अपील की। प्रेक्षकों द्वारा जिले में संचालित मतदाता जागरूकता हेतु चलाये जा रहे अभियान की प्रशंसा की गई। इस दौरान सभी ने मतदाता जागरूकता कार्यक्रम स्वीप के तहत आयोजित चित्रकला, मेहंदी एवं रंगोली प्रतियोगिता में कलाकारों द्वारा निर्मित कलाकृतियों का अवलोकन किया तथा मतदाताओं को अपने मताधिकार का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया।