सालेम स्कूल में छात्राओं से बोले विधायक पुरन्दर, स्कूल में आपका पालक हूं मैं, प्रथम आने वाले को दूंगा ’मां’ के नाम पर पुरस्कार
2023-12-06 07:08 PM
670
रायपुर। विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के बाद से रायपुर उत्तर विधायक पुरन्दर मिश्रा अपने क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। बुधवार को वे सालेम स्कूल पहुंचे, जहां पर उन्होंने छात्र-छात्राओं से एसम्बली हॉल में चर्चा की। विधायक मिश्रा ने उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं से कहा कि आप सभी को बगैर किसी डर और संकोच के नियमित स्कूल आना है, मन लगाकर पढ़ाई करना है। उन्होंने कहा कि स्कूल में जो छात्रा प्रथम आएगी, उसे मैं अपनी ’मां’ श्रीमती गुभादेवी मिश्रा के नाम पर पुरस्कार प्रदान करूंगा।
विदित है कि सोमवार को सालेम स्कूल की छात्राओं ने स्कूल के बाहर आकर अवैध कब्जा हटाए जाने की शिकायत को लेकर प्रदर्शन किया था, जिसकी जानकारी वरिष्ठ विधायक बृजमोहन अग्रवाल, विधायक राजेश मूणत एवं विधायक पुरन्दर मिश्रा को मिली। इस बात की खबर मिलते ही बगैर निर्देश अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ प्रशासन ने बुलडोजर अभियान चलाया। प्रदर्शन करने वाली छात्राओं ने अपनी शिकायत में बताया था कि अवैध कब्जाधारियों और अवांछित लोगों की वजह से हमेशा खौफ का माहौल बना रहता है।
बुधवार को स्कूल पहुंचकर विधायक पुरन्दर मिश्रा ने सालेम स्कूल की छात्र-छात्राओं से कहा कि उन्हें किसी भी तरह से घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि जिस तरह आपके घर में दादा, दादी, माता-पिता आपकी सुरक्षा और सहुलियत का ख्याल रखते हैं, उसी तरह स्कूल में आपके लिए मैं आपके पालक के दायित्व का निर्वहन करूंगा। आप सभी को अपनी पढ़ाई पर ध्यान लगाना है और बेहतर करके दिखाना है। उन्होंने कहा कि स्कूल में जो भी प्रथम स्थान हासिल करेगा, उसे मेरे द्वारा मेरी माता श्रीमती गुभादेवी मिश्रा के नाम पर पुरस्कृत करूंगा।
विधायक पुरन्दर मिश्रा को बच्चों ने ध्यान से सुना और उन्हें अपने बीच पाकर खुशी से झूम उठे। जिसके बाद विधायक मिश्रा बच्चों के बीच पहुंचे और उनके साथ बकायदा फोटो भी खिंचवाया। जिससे बच्चों में जहां उत्साह का संचार हुआ, वहीं उनके मनोबल में भी वृद्धि देखने को मिली।