रायपुर

अयोध्या से राजधानी पहुंचा ‘अक्षत कलश’.... राजधानी रायपुर में हुआ भव्य स्वागत

रायपुर। श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर पूरे देश में उत्सव का माहौल है। अयोध्या में भगवान श्रीराम के भव्य मंदिर निर्माण कार्य अंतिम चरण में है। रामलला के नवनिर्मित मंदिर में श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा 22 जनवरी 2024 को होगी। इसी कड़ी में आज राजधानी के सदियों पुराने महामाया मंदिर से श्रीराम मंदिर प्रांत प्रतिष्ठा गृह संपर्क अभियान समिति द्वारा 14 नगरों के लिए अयोध्या से लाए गए अक्षत कलश के वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया। अक्षत कलश का राज्य के विभिन्न शहरों में भव्य स्वागत किया गया और शोभा यात्रा निकाली गई।

इस ख़ास मौके पर विश्व हिंदू परिषद के प्रांत सह मंत्री घनश्याम चौधरी ने कहा कि अयोध्या में राम जन्मभूमि में भव्य राम मंदिर के निर्माण के लिए 500 से अधिक वर्षों तक संघर्ष किया गया। लाखों लोगों ने प्राणों की आहुति की। आज हमारा सौभाग्य है कि हमें भव्य मंदिर में रामलला के विराजने का उत्सव मनाना है। 

घनश्याम चौधरी ने इसके लिए समस्त हिंदू समाज से आह्वान करते हुए कहा की अयोध्या से आया हुआ अक्षत, राम का चित्र और तीर्थ क्षेत्र का पत्रक लेकर रायपुर के सभी हिंदू घरों में 1 से 15 जनवरी के बीच सभी कार्यकर्ता जाए और 22 जनवरी 2024 को निकट के मंदिर में इकट्ठा होकर 11 से 1 बजे के बीच प्राण प्रतिष्ठा समारोह में सम्मिलित होने का सौभाग्य प्राप्त करें। वहीं शाम को हर घर में दीप उत्सव कर इस ऐतिहासिक दिन को यादगार बनाएं। सभी राम भक्त मार्च 2024 से अयोध्या पहुंचकर मंदिर दर्शन का सौभाग्य प्राप्त कर सकते हैं।