मुख्यमंत्री की शपथ लेने से पहले विष्णुदेव साय ने लिया महाप्रभु जगन्नाथ का आशीर्वाद
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय अपने शपथ ग्रहण समारोह में जाने से पहले बुधवार सुबह गायत्री नगर स्थित जगन्नाथ मंदिर पहुंचे। वहां उन्होंने भगवान जगन्नाथ, माता सुभद्रा एवं बलराम जी की विधि-विधान से पूजा अर्चना कर प्रदेश की सुख समृद्धि की कामना की। इस दौरान रायपुर उत्तर के विधायक पुरंदर मिश्रा भी उपस्थित रहे।
बतादें कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की उपस्थिति में विष्णुदेव साय मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। 13 दिसंबर को शाम 4 बजे राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में छत्तीसगढ़ की नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह होगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी दोपहर 2.15 बजे भोपाल से रवाना होकर 3.20 बजे राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
मोदी एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर द्वारा 3.45 बजे रायपुर साइंस कॉलेज मैदान स्थित हेलीपेड आएंगे और हेलीपेड से सड़क मार्ग द्वारा 3.55 बजे साइंस कॉलेज मैदान में कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री मोदी यहां शाम 4 बजे छत्तीसगढ़ की नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे।
प्रधानमंत्री मोदी कार्यक्रम के बाद साइंस कॉलेज मैदान से शाम 4.50 बजे सड़क मार्ग से रवाना होकर 4.55 बजे हेलीपेड पहुंचेंगे और वहां से हेलीकॉप्टर द्वारा 5.20 बजे रायपुर एयरपोर्ट आयेंगे। प्रधानमंत्री शाम 5.25 बजे रायपुर एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।