छत्तीसगढ़ में हो सकती है सीबीआई की एंट्री.... कांग्रेस सरकार ने 2019 में लगाई थी रोक
रायपुर। छत्तीसगढ़ में अभी ईडी आईटी कार्य कर रही थीं। सीबीआई की कार्यवाही पर राज्य में रोक थीं। छत्तीसगढ़ में सीबीआई के प्रवेश पर 10 जनवरी 2019 से रोक लगी हुई है। दिसंबर 2018 में प्रदेश में सत्ता परिवर्तन हुआ था। बड़े बहुमत के साथ सरकार में आते ही तत्कालीन कांग्रेस सरकार ने 2019 में सीबीआई को दी गई सहमति तत्काल प्रभाव से रद कर दी। इसकी वजह से 2019 के बाद से अभी तक प्रदेश में राज्य सरकार से संबंधित संस्थानों और मामलों में सीबीआई की जांच नहीं हुई है।
महादेव ऑन लाइन गेमिंग एप मामले की जांच कर रही ईडी चाहती है कि इस मामले की जांच सीबीआई को सौंप दी जाए। इसको लेकर ईडी ने कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया है। यह मामला कोर्ट के विचाराधीन है। कानून के जानकारों के अनुसार सीबीआई दिल्ली विशेष पुलिस स्थापना (डीएसपीई) अधिनियम के तहत काम करती है। इस कानून प्रावधानों के अनुसार सीबीआई की किसी भी जांच के लिए संबंधित राज्य सरकार की सहमति एक आवश्यकता है। बता दें कि देश में बदले सियासी समीकरण के बीच बंगाल व छत्तीसगढ़ समेत कुछ और राज्यों ने सीबीआई को दी गई सहमति समाप्त कर दी है।
अब जबकि छत्तीसगढ़ में सत्ता परिवर्तन हो चुका है। राज्य में भाजपा की वापसी हो चुकी है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि राज्य सरकार सीबीआई को फिर से जांच के लिए सहमति जारी कर सकती है। जानकारों के अनुसार प्रदेश में यदि फिर से सीबीआई की इंट्री होती है तो ऐसे कई मामलों की जांच सीबीआई को ट्रांसफर हो जाएगी जिसकी जांच अभी ईडी कर रही है।